पिथौरागढ़ बाजार में इस तरह लोग कोविड गाइड लाइन के नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं।
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। पूरे प्रदेश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। बावजूद इसके चुनावी साल में राजनीतिक पार्टियों के प्रत्याशी और समर्थक गांव-गांव, शहर-शहर जाकर चुनावी सभाएं कर रहे हैं। ऐसे में आचार संहिता का उल्लंघन तो ही रहा है, कोरोना संक्रमण का खतरा भी बढ़ रहा है। ये हाल तब है जब प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामले 31 हजार से ऊपर पहुंच चुके हैं।
उत्तराखंड में लगातार कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए 31 जनवरी तक चुनावी जनसभाओं में रोक लगा रखी है। कोई भी राजनीतिक दल चुनावी जनसभा नहीं कर सकता है। साथ ही प्रचार-प्रसार के लिए भी सीमित लोगों को ही अनुमति दी गई है। प्रचार प्रसार में जाने वाले कार्यकर्ता को मास्क पहनना और सैनिटाइजर रखना अनिवार्य है। मास्क और सैनिटाइजर रखना तो दूर पार्टी के नेता और कार्यकर्ता सरेआम कोविड नियमों का उल्लंघन कर न केवल गांवों में जा रहे हैं बल्कि सोशल साइटों पर खुद फोटो और वीडियो शेयर कर रहे हैं।
इसके बाद भी ऐसे लोगों पर कार्रवाई नहीं हो पाई पा रही है। अब तक उत्तराखंड में कोरोना से 7491 मरीजों की मौत हो चुुकी है। 31280 सक्रिय मरीजों का अस्पताल और होम आइसोलेशन में उपचार किया जा रहा है। प्रदेश में रिकवरी दर 88.32 और संक्रमण दर 11.76 दर्ज की जा रही है। अगर कोरोना से बे-खौफ और आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई नहीं की गई तो प्रदेश में संक्रमण दर और बढ़ सकती है।
बाजारों में भी उड़ाई जा रही हैं कोरोना नियमों की धज्जियां
पिथौरागढ़। प्रदेश के बाजारों में भी कोरोना नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। कोरोना से बेखौफ लोग बिना मास्क पहने बाजारों में घूम रहे हैं। ये ही नहीं व्यापारी भी सरेआम नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। दो गज है दूरी मास्क है जरूरी नारे को लोग भूलते जा रहे हैं।
जिला सक्रिय मामले
अल्मोड़ा- 1453
बागेश्वर- 559
चमोली- 964
चंपावत- 739
देहरादून- 3572
हरिद्वार- 4152
नैनीताल- 953
पौड़ी गढ़वाल- 1991
पिथौरागढ़- 795
रुरूद्रप्रयाग- 626
टिहरी गढ़वाल-898
यूएस नगर- 2192
उत्तरकाशी- 309
नोट- आंकड़े 24 जनवरी के हेल्थ बुलेटिन के अनुसार
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रदेशभर में चुनावी जनसभाओं में रोक है। राजनीतिक दल चुनावी जनसभाएं ना करें उन पर निगरानी के लिए टीमों का गठन किया गया है। - डॉ. निलेश आनंद भरणे, डीआईजी कुमाऊं रेंज।