फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pithoragarh News: मुनस्यारी में जिला पंचायत सदस्य और स्वास्थ्य कर्मी आमने-सामने, मरीज बेहाल

Wed, 09 Oct 2024 10:31 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। मुनस्यारी में स्वास्थ्य कर्मी और जिला पंचायत सदस्य जगत मर्तोलिया आमने-सामने हैं। स्वास्थ्य कर्मियों ने जिला पंचायत सदस्य पर धमकाने का आरोप लगाते हुए कार्य बहिष्कार किया। पुलिस, सीएमओ, डीएम को पत्र देकर उचित कार्रवाई न होने पर काम पर न लौटने की चेतावनी दी है। स्वास्थ्य कर्मियों के कार्य बहिष्कार से स्वास्थ्य सेवाएं ठप रहीं। वहीं जिपं सदस्य मर्तोलिया ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है।
विज्ञापन

सीएचसी मुनस्यारी के चिकित्सकों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने बुधवार को कार्य बहिष्कार करते हुए सीएमओ, डीएम को पत्र भेजा। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि जिला पंचायत सदस्य जगत मर्तोलिया ने विकासखंड के 14 ग्राम सभाओं के लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का सीएमओ को पत्र दिया था। सीएमओ के निर्देश पर इसकी कार्ययोजना तैयार की गई है। जिपं सदस्य कार्यक्रम में अन्य विभागों को भी शामिल करने का दबाव बना रहे हैं।
मामले को लेकर वह बीते मंगलवार को सीएचसी पहुंचे और उनसे अभद्रता की। आरोप लगाया कि आए दिन वह स्वास्थ्य कर्मियों को फोन कर उनके साथ गालीगलौज करते हैं। उन्होंने जिपं सदस्य मर्तोलिया के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर पूरे दिन कार्य बहिष्कार किया। सीएचसी के स्वास्थ्य कर्मियों के समर्थन में विकासखंड के अन्य अस्पतालों के स्वास्थ्य कर्मी भी कार्य बहिष्कार पर रहे इससे स्वास्थ्य सेवाएं पटरी से उतरी रहीं। दूर-दराज से लोग उपचार के लिए अस्पताल पहुंचे लेकिन उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। सभी स्वास्थ्य कर्मियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि जिपं सदस्य के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई नहीं हुई तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर देंगे। संवाद
विज्ञापन


ब्लॉक कोआर्डिनेटर ने पुलिस को दी तहरीर
मुनस्यारी। सीएचसी मुनस्यारी के स्वास्थ्य कर्मी जिला पंचायत सदस्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर तहसील कार्यालय पहुंचे और एसडीएम श्रेष्ठ गुनसोला को ज्ञापन दिया। वहीं आशा ब्लॉक कोआर्डिनेटर गंभीर सिंह मेहता ने थाने पहुंचकर उनके खिलाफ तहरीर दी। उन्होंने कहा कि आए दिन जिला पंचायत सदस्य स्वास्थ्य कर्मियों को धमका रहे हैं। उन्होंने इस मामले में जिला पंचायत सदस्य के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग उठाई।
जिला पंचायत सदस्य ने सभी आरोपों को नकारा, स्वास्थ्य मंत्री, डीएम को भेजा पत्र
मुनस्यारी। जिला पंचायत सदस्य जगत मर्तोलिया ने स्वास्थ्य कर्मियों के सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और डीएम विनोद गोस्वामी को पत्र भेजा है। उन्होंने कहा कि सीएचसी मुनस्यारी में अव्यवस्थाएं हैं। कई चिकित्सक और अन्य कर्मी बगैर अवकाश के अनुपस्थित रहते हैं। ओपीडी में स्वयं के लाभ के लिए एक चिकित्सक तैनात है।
आशा ब्लॉक कोआर्डिनेटर एक निजी कंपनी का प्रचार कर रहा है। इसे स्वास्थ्य कर्मियों का संरक्षण प्राप्त है। स्वास्थ्य कर्मियों की लापरवाही के चलते क्षेत्र के लोगों को उचित उपचार नहीं मिल रहा है। वह लंबे समय से इसका विरोध कर रहे हैं तो उनके खिलाफ षडयंत्र रचा जा रहा है। उन्होंने सीएचसी में अव्यवस्था फैलाने वाले स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कहा वह अस्पताल में अव्यवस्थाओं के खिलाफ आवाज उठाते रहेंगे। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें