गिरगांव में खतरे की जद में आए मकानों का निरीक्षण करते एसडीएम अभय प्रताप। संवाद
- फोटो : PITHORAGARH
मुनस्यारी/पिथौरागढ़। आपदा से खतरे की जद में आए मुनस्यारी विकासखंड के गिरगांव, भंडारीगांव, बला मगर का एसडीएम अभय प्रताप सिंह ने मौका मुआयना किया। उन्होंने खतरे की जद में आए परिवारों के विस्थापन के लिए आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।
पिछले एक माह से हो रही मूसलाधार बारिश से गिरगांव और भंडारीगांव सहित आसपास के अन्य गांवों में जमीन धंस रही है। जाकुला नदी से मकानों तक लगातार जमीन दरकने के कारण एक दर्जन से अधिक मकानों में दरारें पड़ चुकी हैं।
इस मामले को लेकर कुछ दिन पूर्व भाजपा नेता भगत सिंह बाछमी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने डीएम को सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग कर ज्ञापन सौंपा था। रविवार को मुनस्यारी के एसडीएम अभय प्रताप ने गिरगांव, भंडारीगांव, बला और मगर में खतरे की जद में आए मकानों का निरीक्षण किया।
उन्होंने कहा कि जो मकान खतरे में हैं उनका पुनर्वास किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने आरएसआई और ग्रामीणों से वन पंचायत में भूमि चयनित करने को कहा। उन्होंने तीन दिन में भूगर्भ की एक टीम क्षेत्र में भेजकर सर्वेक्षण करने का आश्वासन भी दिया।
इस दौरान ग्रामीणों ने बला और मगर के गोपाल सिंह, नाथू सिंह सहित खतरे की जद में आने के कारण प्राथमिक पाठशाला के भवन में रह रहे तीन परिवारों की परेशानी भी बताई। इस पर एसडीएम ने शीघ्र सुरक्षित स्थानों पर विस्थापित करने के लिए शीघ्र जरूरी कार्यवाही करने की बात कही।