पिथौरागढ़। आपदा प्रभावित गांव जुम्मा में राहत बचाव कार्य के तीसरे दिन कोई सफलता नहीं मिल पाई। एसडीएम धारचूला का कहना है कि लापता लोगों के परिजनों के आग्रह पर बृहस्पतिवार से खोज कार्य बंद कर दिया जाएगा। राहत कार्य जारी रहेंगे।
बुधवार को एसएसबी के डिप्टी कमांडेंट बांके बिहारी और एसी राजीव कुमार के नेतृत्व में 26 जवानों, एनडीआरएफ के इंस्पेक्टर अखिलेश प्रताप के नेतृत्व में 26 जवान, दो खोजी कुत्ते और एसडीआरएफ के एसआई मनोहर के नेतृत्व में छह जवानों ने खोज अभियान चलाया।
देर शाम तक लापता चंद्र सिंह पुत्र करन सिंह और हाजरी देवी पत्नी चंद्र सिंह की खोज में सफलता नहीं मिल पाई। एसडीएम धारचूला अनिल कुमार शुक्ला ने बताया कि परिजनों को अब लापता पति-पत्नी के मिलने की उम्मीद नहीं है।
उनके आग्रह पर बृहस्पतिवार से खोज अभियान बंद कर दिया जाएगा। हालांकि राहत कार्य जारी रहेंगे। उन्होंने बताया कि हेलीकॉप्टर से जुम्मा में दो क्विंटल राहत सामग्री भेजी गई है। विद्युत आपूर्ति सुचारु करने के लिए भी सामान भेजा गया है।
अब तक राहत बचाव दल को संजना (15) पुत्री जोगा राम, रेनू (11) पुत्री जोगा राम, शिवानी (09) पुत्री जोगा राम, सुनीता पत्नी दीपक सिंह और पार्वती देवी पत्नी लाल सिंह के शव बरामद हुए हैं।
हेलीकॉप्टर से चार दिन बाद धारचूला पहुंचा आग से झुलसा रमेश
धारचूला (पिथौरागढ़)। धारचूला तहसील के तल्ला दारमा के तेजम निवासी रमेश सिंह बौनाल (38) अपने घर में लैंप में तेल डालते समय झुलस गए। 14 जून से दारमा का रास्ता बंद होने और गांव में फोन सुविधा नहीं होने के कारण रमेश उपचार के लिए धारचूला नहीं पहुंच सका।
एसडीएम अनिल कुमार शुक्ला के निर्देश पर उसे बुधवार को हेलीकाप्टर से धारचूला लाया गया। अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। प्रधान हरेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित की पत्नी गांव में ही है। जिस कारण देखभाल करने वाला कोई नहीं है। उन्होंने एसडीएम से पीड़ित की पत्नी को भी हेलीकाप्टर से धारचूला लाए जाने की मांग की है। संवाद
विधायक धामी ने पैदल रास्तों के निर्माण के लिए की 10 लाख देने की घोषणा
धारचूला (पिथौरागढ़)। विधायक हरीश धामी और एसडीएम अनिल कुमार शुक्ला ऐलागाड़ एसएसबी के अस्थायी हेलीपैड से आठ किमी पैदल चल जुम्मा गांव पहुंचे। इस दौरान विधायक हरीश धामी ने जुम्मा के क्षतिग्रस्त पैदल रास्तों की मरम्मत के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। विधायक ने कहा कि पूर्व में कई विकास कार्य करने के दावे किए गए थे लेकिन धरातल पर एक भी कार्य नहीं देखने को मिल रहा है।
इस दौरान विधायक ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में वह लोगों के साथ कदम से कदम मिलाकर खड़े हैं। किसी भी आपदा प्रभावितों को कोई दिक्कत नहीं होगी। एसडीएम ने कहा कि आपदा प्रभावितों की समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव कार्य किए जा रहे हैं। इस मौके पर महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष नंदा बिष्ट, ब्लॉक महामंत्री रामू रोकाया मौजूद रहे।