डीडीहाट (पिथौरागढ़)। एक अक्तूबर से पृथक जिले डीडीहाट को लेकर चल रहे आंदोलन को समाज के हर वर्ग का समर्थन मिल रहा है। विभिन्न क्षेत्रों से आए लोग आंदोलन स्थल पहुंचकर समर्थन दे रहे हैं। बृहस्पतिवार को मुनस्यारी, धारचूला और डीडीहाट के अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने धरनास्थल पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया। उन्होंने शीघ्र मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
स्थानीय रामलीला मैदान में चल रहे आंदोलन में कैंसर पीड़ित पीयूष वाल्मीकि और गुड्डु कन्याल अनशन पर डटे रहे। इस दौरान आंदोलनकारियों ने कहा कि 1960 के दशक से डीडीहाट जिले की मांग उठती रही है। इसके बाद भी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डीडीहाट जिला बनेगा तो विकास के नए अवसर शुरू होंगे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2011 में डीडीहाट जिले की घोषणा को आखिर भाजपा क्यों पूरा नहीं कर रही है।
मौजूदा समय में भाजपा के पास पूर्ण बहुमत की सरकार है। इस दौरान छात्रसंघ अध्यक्ष और अभाविप के जिला संयोजक सागर बिष्ट, छात्रसंघ अध्यक्ष मुनस्यारी कमल चुलकुटिया, तहसील संयोजक धारचूला मयंक पुरोहित, नगर मंत्री धारचूला हरीश बिष्ट, जिला मीडिया संयोजक त्रिलोक पंडा, नगर मंत्री अनिल कोरंगा, जिला सह संयोजक पंकज खड़ायत, नगर मंत्री नवीन सिंह ने धरना स्थल पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि सीमांत के विकास लिए डीडीहाट जिला आवश्यक है। डीडीहाट जिला शीघ्र न बनाने पर उन्होंने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
भाजपा ही बनाएगी डीडीहाट जिला : चुफाल
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। डीडीहाट जिले की मांग के लिए चल रहे आंदोलन के 14वें दिन स्थानीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल अनशल स्थल पहुंचे और आंदोलनकारियों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि भाजपा ही डीडीहाट जिले का गठन करेगी। उन्होंने कहा कि आगामी 18 अक्तूबर को सीएम पिथौरागढ़ आएंगे तब उनसे मुलाकात करके डीडीहाट जिले की मांग को प्रमुखता से रखा जाएगा। संयुक्त मोर्चा के संयोजक कुंडल सिंह कन्याल ने कहा कि सीमांत के विकास के लिए डीडीहाट जिला अनिवार्य है। डीडीहाट जिला बनने की घोषणा के बाद ही आंदोलन स्थगित किया जाएगा।
आंदोलन स्थल में हुआ हवन
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। डीडीहाट जिले की मांग को लेकर आंदोलन में बैठे आंदोलनकारियों ने राम नवमी के दिन हवन और अन्य धार्मिक अनुष्ठान कर माता रानी से डीडीहाट जिले की मनोकामना को पूरा करने की मांग की। इस दौरान भजन, कीर्तन और अन्य आयोजन भी किए गए।
गोरखनाथ मठ के संत ने दिया समर्थन
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। गोरखनाथ मठ उत्तर प्रदेश के संत स्वरूपानंद ने डीडीहाट पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि डीडीहाट जिले को लेकर वह सीएम पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि लोगों की मांग जायज है। इसलिए सरकार को यथाशीघ्र जिला बना देना चाहिए। आंदोलन स्थल पर व्यापारी भी बड़ी संख्या में पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दे रहे हैं।
दूनाकोट, हार्ट थर्प सहित कई अन्य गांवों के लोग जुलूस की तैयारी में
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। डीडीहाट जिले की मांग के लिए दूनाकोट और हार्टथर्प के ग्रामीण जुलूस निकालने की तैयारी कर रहे हैं। जिला बनाओ संघर्ष समिति के लवि कफलिया का कहना है कि अगर उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।