पिथौरागढ़ विकास भवन में प्रदर्शन करते पीआरडी जवान। संवाद
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। मानदेय बढ़ाने सहित विभिन्न मांगों के लिए पीआरडी जवानों ने जिला मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया। विकास भवन से डीएम कैंप कार्यालय तक रैली निकाल कर डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया।
राजेंद्र दिगारी और पीआरडी संगठन की जिलाध्यक्ष दीपा सामंत के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को सभी पीआरडी जवान विकास भवन में एकत्र हुए। इसके बाद उन्होंने जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने सभी प्रशिक्षित पीआरडी जवानों को वर्ष में ड्यूटी के साथ सभी सुविधाएं देने तक नई भर्ती पर रोक लगाने, समान काम समान वेतन के तहत पीआरडी जवानों का मानदेय बढ़ाने, पीआरडी विभाग से युवा कल्याण को अलग कर पीआरडी आईपीएस अधिकारी नियुक्त करने, जिले में जवानों की संख्या के आधार पर बजट बढ़ाने की मांग उठाई।
बाद में डीएम कैंप कार्यालय तक जुलूस निकाल कर प्रदेश सरकार को ज्ञापन भेजा गया। पीआरडी जवानों का कहना है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में प्रभु दत्त जोशी, दीपक चंद्र भट्ट, सुनीत पांडेय, दीपक चंद्र जोशी, विपिन पांडेय, जयंती कापड़ी, मंजू चौसाली, चंपा चुफाल, मंजू खन्ना आदि रहे।