पुलिस अधीक्षक रोशन लाल शर्मा का कहना है कि इस बार दिवाली में पहली बार जुए के अड्डों को पकड़ने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया गया और इसमें बड़ी कामयाबी भी मिली। जुए के आठ बड़े अड्डों में छापा मारकर पुलिस ने 50 जुआरी गिरफ्तार किए और तीन लाख रुपये की धनराशि जब्त की। एसपी का कहना है कि जिला मुख्यालय में अभियान शुरू होते ही अन्य अड्डों को जुआरियों ने खुद बंद कर दिया था।
शुक्रवार को यहां पत्रकारों से बातचीत में एसपी ने कहा कि अवैध धंधों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पिछले एक महीने में पुलिस ने अवैध शराब के 16 मामले पकड़े और 16 लोगों को गिरफ्तार किया। कुल 81 पेटी शराब बरामद की गई। उन्होंने कहा कि चरस के साथ दो लोग पकड़े गए और उनके कब्जे से चार किलो चरस बरामद की गई। एसपी ने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए मुस्तैदी से काम किया जा रहा है। जिन स्थानों पर थाना प्रभारियों का काम संतोषजनक नहीं मिला वहां से उनके हटाने में भी देरी नहीं की गई। उन्होंने कहा कि पार्किंग की सही व्यवस्था न होने के बावजूद जिला मुख्यालय में ट्रैफिक कंट्रोल के लिए पुलिस लगातार काम कर रही है। यह कोशिश की जा रही है कि यातायात की व्यवस्था सही रहे। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह ट्रैफिक नियंत्रण में सहयोग दे। ताकि नगर की व्यवस्था को सही किया जा सके।