पिथौरागढ़। देवत गांव में तीन दिन पहले बोल्डर गिरने की घटना के बाद भी खनन नहीं रुका है। ग्रामीणों ने रविवार को पहाड़ी पर खनन के लिए पहुंचे तीन नेपाली मजदूरों को पकड़कर जाजरदेवल थाना पुलिस को सौंप दिया।
कनारीपाभै क्षेत्र के देवत गांव में पहाड़ी से दो बार मकानों के ऊपर बोल्डर गिरने की घटनाएं हो चुकी हैं। तीन दिन पहले बोल्डर की चपेट में आने से दो महिलाएं घायल हो गई थीं और तीन मकान क्षतिग्रस्त हो गए थे। इससे ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों को रविवार को पहाड़ी पर फिर खनन शुरू होने की सूचना मिली। इस पर पहुंचे आक्रोशित ग्रामीणों ने तीन नेपाली मजदूरों को पकड़ लिया।
सूचना पर पहुंची जाजरदेवल पुलिस तीनों मजदूरों को पकड़कर अपने साथ ले गई। जाजरदेवल के थानाध्यक्ष कृष्ण चंद्र ने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में किसी को भी खनन नहीं करने दिया जाएगा। यदि खनन नहीं रुका तो जिला कार्यालय में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया जाएगा।