पिथौरागढ़। चंडाक की ओर से नगर को आ रही होंडा कार (यूपी 05-2002) सोमवार रात मैग्नासाइट फैक्ट्री के पास असंतुलित होकर 100 मीटर खाई में लुढ़क गई। हादसे में वरुण गर्ग पुत्र नंदकिशोर और गौरव रोड़ियाल पुत्र माधो सिंह निवासी जीआईसी रोड घायल हो गए।
यह दोनों सोमवार रात करीब 12.30 बजे चंडाक में अपने दोस्त की बर्थडे पार्टी से घर लौट रहे थे। इसी बीच मैग्नेसाइट फैक्ट्री के पास उनकी कार असंतुलित होकर नीचे लुढ़क गई। उनकी कार के आगे दोस्तों का वाहन भी था। कार गिरने पर किसी ने पुलिस को सूचना दी। एसआई दीपक बिष्ट ने बताया कि घटनास्थल पर छह पुलिस कर्मियों को भेजकर दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वरुण को तो हल्की चोटें आई हैं, जबकि गौरव गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। गौरव के सिर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट है। मंगलवार को काबीना मंत्री प्रकाश पंत, डीएम सी रविशंकर, सीडीओ वंदना, होटल एसोसिएशन के सचिव राकेश देवलाल के प्रयासों से गौरव को दिल्ली गंगाराम अस्पताल ले जाने के लिए दोपहर एक बजे स्टेट प्लेन नैनीसैनी पहुंचा। बताया जाता है कि हादसे के बाद कार के अंदर सुरक्षा को बने दोनों एयरबैग खुल गए। इससे दोनों की जान बच गई।