गंगोलीहाट के पाली भेरंग के जंगलों में आदमखोर तेंदुए की तलाश करता शिकारी।
- फोटो : PITHORAGARH
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। पाली भेरंग में 20 जुलाई की रात 10 वर्षीय गणेश को मारने वाले आदमखोर तेंदुए की तलाश में शिकारी ने जंगल की खाक छानी, लेकिन तेंदुआ नहीं दिखा।
नैनीताल से आए शिकारी हरीश धामी ने रविवार को पाली भेरंग के जंगलों में वन विभाग की टीम के साथ आदमखोर तेंदुए की तलाश की।
ग्रामीणों से मुलाकात कर जानकारी लेकर उनसे सतर्कता बरतने के लिए कहा। रेंजर मनोज सनवाल ने बताया कि तेंदुए को आदमखोर घोषित कर दिया गया है। शनिवार को शिकारी हरीश क्षेत्र में पहुंच गए थे।
रविवार सुबह उन्होंने वन विभाग की टीम के साथ आदमखोर तेंदुए की तलाश की। इधर तेंदुए को पकड़ने के लिए घटनास्थल से कुछ दूरी पर लगाए गए पिंजरे के पास तेंदुआ नहीं आया।
तेंदुए के पकड़ में न आने से लोगों में डर का माहौल है। लोग तेंदुए के डर से घरों में छुपे हैं। इससे पूर्व भी छाता गांव में तेंदुए ने ढाई वर्षीय बच्ची को मारा था। उस तेंदुए को शिकारी धामी ने ही मारा था। लोगों ने वनाधिकारियों से वन्यजीवों को जंगल में रोकने की मांग की है।