नाचनी के गिनी गांव में जंगल की आग को बुझाती वन विभाग की टीम।
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़/नाचनी। सीमांत जिले के अधिकतर इलाकों में जंगल धधक रहे हैं। जंगलों में आग के कारण वन संपदा को भारी नुकसान हो रहा है। मंगलवार को वनकर्मियों ने कई जगह वनाग्नि पर काबू पाया जबकि कुछ स्थानों पर आग लगी हुई थी।
मंगलवार को मड़मानले क्षेत्र से फैली आग सतगढ़ क्षेत्र के जंगलों तक पहुंच गई। जंगल के घना होने के कारण आग काफी तेज गति से फैल रही है। गंगोलीहाट, बेड़ीनाग, अस्कोट, डीडीहाट, कनालीछीना, मूनाकोट क्षेत्र में भी वनाग्नि से वन संपदा को नुकसान पहुंचा। अब तक वनाग्नि की 93 घटनाओं में 146.50 हेक्टेयर जंगल जला है। डीएफओ कोको रोसे का कहना है कि सूचना मिलते ही तुरंत आग पर काबू पाया जा रहा है। जंगलों में आग लगाने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उधर, नाचनी क्षेत्र के गिनी, खेत भराड़, राया सहित आसपास के गांवों के जंगल धधक रहे हैं। गिनी के पंचायती जंगलों में वन दरोगा रमेश लोधियाल के नेतृत्व में ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया जा सका। तल्ला भैंसकोट और कुट्यूड़ा के जंगल भी आग की चपेट में हैं। जंगलों में आग से पूरे वातावरण में धुंध बनी हुई है।