पिथौरागढ़। विंग्स फाउंडेशन जिले में बटरफ्लाई काउंट सीजन टू के तहत तितलियों की नई प्रजातियों की खोज में जुटा है। पिछले 26 अप्रैल से शुरू हुए अभियान के तहत 50 से अधिक तितलियों को देखा गया है। अभियान के तहत फाउंडेशन नदी से लेकर ऊंचाई वाले क्षेत्र में पाई जाने वाली तितलियों के बारे में जानकारी जुटा रहा है।
पिछली बार जिले में समुद्र तल से 600 मीटर से 2100 मीटर के बीच 110 तरह की तितलियों की तस्वीरें लेकर उनसे जुड़े तथ्य एकत्रित किए गए थे। इस साल वन विभाग के सहयोग से विंग्स फाउंडेशन पिछले 12 दिनों में जिले में 50 से अधिक प्रजातियों की तितलियों को खोज कर चुका है। विंग्स फाउंडेशन के सदस्य चंडाक, छेड़ा, नाकोट, मुनस्यारी के आसपास के गांवों में जाकर लोगों को तितलियों के संरक्षण के लिए जागरूक कर रहा है। यह अभियान 12 मई तक चलाया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में मिलने वाली तितलियों का संरक्षण कर नई तितलियों की खोज करना है। इसके लिए आम लोगों की भी मदद ली जा रही है। विंग्न फाउंडेशन के निदेशक जगदीश भट्ट ने बताया कि लोग अपने आसपास दिखने या मिलने वाली तितलियों की फोटो व्हाट्सएप नंबर 9456575758 या ईमेल wingssfoundation@gmail.com पर भेजे जा सकते हैं। अभियान के अंतिम दिन प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र दिए जाएंगे।
पिथौरागढ़ जिले में तितलियों की 310 प्रजातियां पाई जाती हैं। अभियान के तहत तक 30 से अधिक प्रकार की तितलियों की फोटो ली जा चुकी हैं। अभी कोई नई प्रकार की तितली नहीं मिली है। - जगदीश भट्ट, विंग्स फाउंडेशन, निदेशक।
कॉमन ब्लू बॉटल।- फोटो : PITHORAGARH
लेमन पैंसी।- फोटो : PITHORAGARH