डीडीहाट में जिले की मांग को लेकर प्रदर्शन करते अनशनकारी। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : PITHORAGARH
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। डीडीहाट जिले की मांग को लेकर चल रहे आमरण अनशन को खत्म करने की सीएम की अपील को जिला बनाओ संघर्ष समिति ने नकार दिया है। समिति ने आमरण अनशन जारी रखने का निर्णय लेते हुए सीएम से दस दिनों में जिला पुनर्गठन आयोग की रिपोर्ट सार्वजनिक करने मांग की है। इससे पहले शनिवार देर रात प्रशासन ने चार आमरण अनशनकारियों को खराब स्वास्थ्य का हवाला देकर उठा लिया था।
डीडीहाट दौरे में आए सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जिले की मांग को लेकर एक अक्तूबर से चल रहे आमरण अनशन को खत्म करने की अपील की थी। अनशन को खत्म कराने के लिए कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल, सांसद अजय टम्टा, डीएम डॉ. आशीष चौहान, एसपी लोकेश्वर सिंह भी आमरण अनशन स्थल पहुंचे थे लेकिन अनशनकारी सीएम से डीडीहाट जिला घोषित करने की मांग पर अड़ गए। करीब आधे घंटे तक चली वार्ता बेनतीजा रही। इस पर सभी को बैरंग लौटना पड़ा।
प्रशासन ने पांच दिन से आमरण अनशन में बैठे धनश्याम, अशोक मेहता और उनके समर्थन में दो दिनों से आमरण अनशन कर रहे 77 साल के धन सिंह कफलिया और 82 साल के गोविंद लाल साह को शनिवार रात में अनशन स्थल से अस्पताल पहुंचा दिया। इसके बाद जिला पंचायत सदस्य चिटगलगांव बंशीधर भट्ट और अमन मेहता आमरण अनशन में बैठ गए। समिति के संयोजक लवि कफलिया ने कहा कि सरकार के मुखिया 10 दिनों में पुनर्गठन की रिपोर्ट को सार्वजनिक करें। आंदोलनकारियों ने जिला बनाने की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया।