मुंगरौली के पास दुर्घटनाग्रस्त वाहन।
- फोटो : PITHORAGARH
थल (पिथौरागढ़)। मुवानी से स्याल्बे जा रही एक बोलेरो वाहन सौ फुट गहरी खाई में गिर गया। हादसे में एक एक युवक की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए।
मंगलवार देर रात एक बोलेरो (यूके05टीए1476) मुवानी-चौबाटी सड़क पर मुंगरौली के पास दुर्घटनाग्रस्त होकर 100 फुट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में स्याल्बे निवासी वाहन चालक नरेंद्र पानू (31) पुत्र किशन सिंह पानू भी वाहन के साथ ही खाई में चला गया जबकि त्रिलोक सिंह (42) पुत्र खड़क सिंह और धीरेंद्र सिंह (35) पुत्र भवान सिंह छिटक गए। हादसे के बाद मामूली रूप से चोटिल त्रिलोक और धीरेंद्र ने पैदल ही गांव पहुंचकर लोगों को दुर्घटना की सूचना दी। ग्रामीणों, राजस्व पुलिस और पुलिस टीम ने नरेंद्र पानू को घायल अवस्था में खाई से निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुवानी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए पिथौरागढ़ भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार तीनों लोग मुवानी से अपने घर स्याल्बे जा रहे थे। मृतक का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष हीरा सिंह डांगी, एएसआई मोहन चंद्र बरदोला, कांस्टेबल राजकुमार, प्रकाश पांडे, राजस्व उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह बिष्ट मौजूद रहे।