पिथौरागढ़/थल। भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन सोमवार को जिले में उल्लास से मनाया गया। बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी का पवित्र धागा बांधकर दीर्घ जीवन की कामना की। राखी के अवसर पर बाजार में खासी चहल-पहल रही। दोपहर तक राखी के तागों और मिठाई की बिक्री जारी रही। ग्रामीण अंचलों में राखी पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस बार राखी के दिन मनाया जाने वाला श्रावणी उपाकर्म 28 जुलाई को ही संपन्न हो गया था। राखी के दिन चंद्रग्रहण होने के कारण पंडितों ने यह व्यवस्था दी थी। पंडितों की ओर से अपने यजमान के हाथ में रक्षातागा 28 जुलाई को ही बांध दिया गया था। सोमवार को बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी। डीडीहाट में राखी पर्व पर विशेष उल्लास देखा गया। नगर में सुबह से ही बहनों की आवाजाही होने लगी थी।
थल में राखी पर्व को लेकर बच्चों में ज्यादा उत्सुकता थी। छोटे बच्चों ने उल्लास के साथ यह पर्व मनाया। मुनस्यारी, बेड़ीनाग, धारचूला, गंगोलीहाट, अस्कोट, कनालीछीना, झूलाघाट में भी राखी का पर्व पूरे उल्लास के साथ मनाया गया।