नगर क्षेत्र के एजेेंसी मुहल्ले में एक कार चालक ने बदरीनाथ राजमार्ग के किनारे चल रही एक बालिका और दो महिलाओं को टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि गंभीर घायल हुई उसकी बेटी और बहन का उपचार चल रहा है। महिला कुछ दिन पूर्व ही अपने मायके घसिया महादेव आई थीं। आरोपी कार चालक रेलवे प्रोजेक्ट में इंजीनियर हैं। मृतका के भाई की तहरीर पर कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
रविवार सुबह करीब 10:45 बजे भुवनेश्वरी (32) पत्नी कमल सिंह नेगी निवासी सौंराखाल (रुद्रप्रयाग) अपनी बेटी अदिति (11) और छोटी बहन हेमा (25) पुत्री पूर्ण सिंह कंडारी निवासी घसिया महादेव के साथ पैदल बाजार जा रही थी। इसी दौरान श्रीकोट से आ रही तेज रफ्तार कार ने तीनों को टक्कर मार दी। महिला कुछ दूर तक कार की बोनट में घिसटते हुए चली गई, जबकि हेमा और अदिति टकराने के बाद सड़क पर गिर गए।
कुछ दूर चलने के बाद कार चालक प्रदीप सिंह पुत्र गजा सिंह निवासी संगलधार जिला रामबन (जम्मू-कश्मीर) हाल निवास श्रीकोट गंगानाली ने कार रोक दी। कार की चपेट में आई महिला को कार चालक अन्य लोगों की मदद से बेस अस्पताल श्रीकोट ले गया, जहां महिला की मौत हो गई।
कोतवाल हरिओम राज चौहान ने बताया कि अदिति और हेमा को बाजार चौकी इंचार्ज एसआई रमोला और चीता पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। महिला के भाई दिग्विजय की तहरीर पर आरोपी कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। दुर्घटना के बाद कार को कब्जे में लेते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।