नगर क्षेत्र में सौड़ के ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना प्रभावितों ने विधायक पर उपेक्षा का आरोप लगाया है। कहा कि एक वर्ष से प्रभावित अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं, लेकिन इस दौरान एक बार भी क्षेत्रीय विधायक मुकेश कोली ने उनकी सुध तक नहीं ली। इसके विरोध में प्रभावितों ने विधायक के खिलाफ नारेबाजी कर पुतला दहन किया।
बृहस्पतिवार को चौथे दिन भी नगर के सौड़ में प्रभावितों ने रेल परियोजना का निर्माण कार्य बंद रखा। इस मौके पर विधायक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रभावितों ने कहा कि विधायक प्रभावितों की मांगों पर चुप्पी साधे हुए है। एक वर्ष से प्रभावित अपने हक के लिए धरना प्रदर्शन कर शासन-प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन विधायक एक दिन भी उनकी समस्या पूछने मौके पर नहीं पहुंचे। जबकि रेलवे की ओर से जबरन सौड़ के लोगों की जमीन पर निर्माण कार्य शुरू करके उनके हक हकूक छीने गए हैं। जिससे खेती पर निर्भर कई गरीब लोगों के परिवार भुखमरी की कगार पर पहुंच चुके हैं। भूमि प्रतिकर का भुगतान न किए जाने, शर्तों के अनुसार रोजगार उपलब्ध न करवाने से प्रभावितों के साथ अन्याय किया जा रहा है। प्रभावितों ने विधायक का पुतला दहन कर क्षेत्र की उपेक्षा किए जाने का आरोप लगाया है। इस मौके पर अर्जुन सिंह, अनिल नेगी, उम्मेद सिंह, गुलाब सिह, गिरीश चंद्र टोडरिया, सोबन सिंह, जोत सिंह, बचन सिंह, राहुल कोटियाल, सीताराम, अंशु देवी, चित्रा देवी, राखी देवी आदि मौजूद थे।