जीबी पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान प्रशासन के खिलाफ क्षेत्र के ग्रामीणों का आंदोलन 23 अगस्त तक स्थगित हो गया है। ग्रामीण लंबे समय से संस्थान में हो रहे भ्रष्टाचार व वित्तीय अनियमितता के खिलाफ आक्रोशित हैं। उन्होंने 20 अगस्त को आंदोलन की चेतावनी दी थी लेकिन ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से मिले आश्वासन के बाद आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया है।
जिले के अछरीखाल गांव के ग्रामीणों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से देहरादून पहुंच मुलाकात की। सामाजिक कार्यकर्ता व ग्रामीण राजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि मुख्यमंत्री से जीबी पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान घुड़दौड़ी में भ्रष्टाचार, वित्तीय अनियमितता, नियुक्तियों में गड़बड़ियों समेत अन्य समस्याओं की विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने एक सप्ताह के भीतर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद संस्थान प्रशासन के खिलाफ पूर्व में 20 अगस्त से शुरू किए जाने वाले आंदोलन को 23 अगस्त तक स्थगित कर दिया है। इसके बावजूद भी कार्रवाई नहीं की जाती है, तो 24 अगस्त से आंदोलन शुरू किया जाएगा।