उत्तराखंड में पौड़ी जिले की पुलिस महिला व बाल अपराधों के प्रति गंभीरता से कार्य कर रही है। पुलिस ने जिले के कोतवाली पौड़ी, कोटद्वार व महिला थाना श्रीनगर को एक-एक स्कूटी प्रदान की है। जिससे महिला पुलिसकर्मी ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों को जागरूक करने का काम करेंगी। साथ ही महिला अपराधों की शिकायतों का भी निस्तारण किया जाएगा।
जनपद पौड़ी पुलिस ने शिकायत निवारण तंत्र को मजबूत करने के लिए वर्ष 2019 में महिला हेल्प डेस्क की स्थापना की थी। जिसके माध्यम से महिला अपराधों से जुड़ी समस्याओं के निस्तारण में बहुत मदद मिली है। लेकिन अब पुलिस महकमे ने इस कड़ी में महिला हेल्प डेस्क टीम को आधुनिक बनाने के लिए तीन थाना क्षेत्रों में महिला पुलिस को एक-एक स्कूटी सौंपी हैं।
एसएसपी पौड़ी पी. रेणुका देवी ने बताया कि कोतवाली पौड़ी, कोटद्वार व महिला थाना श्रीनगर को एक-एक स्कूटी सौंपी है। जिसके माध्यम से महिला अपराधों से जुड़ी शिकायातें के त्वरित निस्तारण के लिए कदम उठाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि महिला संबंधी अपराध, मारपीट, धोखाधड़ी, जमीनी विवाद, चोरी से संबंधित शिकायती प्रार्थना पत्रों का समयान्तराल निस्तारण कर संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने के लिए यह सुविधा दी गई है।
थाना क्षेत्र थलीसैंण व पैठाणी में महिला व बाल अपराधों की संख्या में इजाफा देखते हुए महिला पुलिस टीम जागरूकता अभियान चला रही है। जिसमें 246 ग्रामीण क्षेत्रों में 12,747 महिलाओं व बच्चों को अपराधों की रोकथाम, गुड टच-बैड टच, आपातकालीन नंबर 112, बाल हेल्प लाइन नंबर 1098, साइबर अपराध आदि की विस्तार से जानकारी दी जा रही है।
एसएसपी ने बताया कि क्षेत्र में महिला अपराध से जुड़े 4,700 जागरूकता बुकलेट व पम्पलेट भी वितरित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को बताया गया कि उनके साथ कोई भी व्यक्ति अपमानजनक व्यवहार, छेड़छाड़, भगा ले जाना, बाल विवाह आदि घटनाओं को अंजाम देता है, तो नजर अंदाज न करे। घटना की जानकारी पुलिस को दें।