40 फीसदी छूट के साथ माल उपलब्ध कराने के एवज में ग्राहकों से एडवांस लेकर गायब हुए व्यापारी के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। मकान मालिक की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कितने लोग ठगी का शिकार हुए हैं और कितने की ठगी हुई है।
बीते अक्तूबर माह में यहां काला रोड पर जयंती ट्रेडर्स नाम से एक दुकान खुली। वेशभूषा और पहनावे से दक्षिण भारत के लगने वाले व्यापारियों ने इलेक्ट्रानिक सामान, किचन का सामान व फर्नीचर आदि में शुरुआती 25 ग्राहकों के लिए 40 फीसदी छूट देने की स्कीम दी। ग्राहकों ने रुपये देकर आर्डर बुक करा लिए लेकिन उक्त व्यापारी दीपावली के अगले दिन से दुकान बंद करके गायब हो गए।
बृहस्पतिवार को मकान मालिक शूरवीर भंडारी ने इस मामले में पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि अक्तूबर में उसके पास दुकान किराये पर लेने के लिए एक व्यक्ति आया था। उसने नाम अरुल राज चेल्लया पुत्र चेल्लया निवासी 2/40 वेल्लालार एसटी सेरुवाविदुधि, पट्टूकोट्टाई तमिलनाडु बताया। उन्होंने 50 हजार रुपये में एक हॉल दे दिया जिसका किरायानामा भी बनाया गया। उक्त व्यक्ति ने सस्ते रेट पर सामान बेचकर लोगों को विश्वास में ले लिया। लोगों ने उसे एडवांस रकम देकर सामान बुक करा लिया लेकिन अरूल राज अक्तूबर माह का किराया दिए बिना धोखाधड़ी करके भाग गया। कोतवाल हरिओम राज चौहान ने बताया कि आरोपी अरूल राज चेल्लया के खिलाफ विश्वास तोड़ने और धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना चल रही है।