। एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर (पीजी) के 65 विषयों में विवि संयुक्त प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी) के जरिये प्रवेश होंगे। विवि के अनुसार, विषयों की मैपिंग की सूचना जल्द वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएगी।
यूजीसी (विवि अनुदान आयोग) ने शिक्षण सत्र 2022-23 से समस्त केंद्रीय विश्वविद्यालयों मेेें सीयूईटी के माध्यम से स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश का निर्णय लिया है। परीक्षा की जिम्मेदारी एनटीए (राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी) को दी गई है। इसका नोटिफिकेशन जारी हो चुका है। लेकिन गढ़वाल विवि ने पीजी स्तर पर भी सीयूईटी के माध्यम से दाखिले का निर्णय लिया है। विवि के स्तर पर पहले से ही प्रवेश परीक्षा के माध्यम से पीजी स्तर पर प्रवेश की व्यवस्था है।
बुधवार को पीजी प्रवेश परीक्षा के संबंध में विवि और एनटीए के अधिकारियों की ऑनलाइन बैठक हुई। बैठक में सेलेबस की मैपिंग और अन्य बिंदुओं पर चर्चा हुई। एनटीए की ओर से बताया गिया गया कि प्रवेश परीक्षा के लिए सामान्य वर्ग के छात्रों को 800 रुपये, ओबीसी/एनसीएल/ईडब्लूएस को 400 रुपये, एससी/एसटी/थर्ड जेंडर को 350 रुपये और पीडब्लूडी (दिव्यांग) को 300 रुपये का शुल्क जमा करना होगा। एक अभ्यर्थी निर्धारित शुल्क के साथ तीन टेस्ट पेपर में शामिल हो सकता है। अतिरिक्त पेपर के लिए सामान्य/ओबीसी/इडब्लूएस को 200 रुपये एससी/एसटी/थर्ड जेंडर को 75 रुपये और पीडब्लडी को 60 रुपये शुल्क देना होगा। परीक्षा केवल हिंदी एवं अंग्रेजी भाषा में होगी।
बैठक में सीयूईटी के नोडल अधिकारी प्रो. अनिल कुमार नौटियाल, सहायक नोडल अधिकारी डॉ. रमेश चंद्र सिंह राणा, डॉ. मुकुल पंत, डॉ. गंभीर सिंह कठैत और सहायक कुलसचिव प्रवेश परीक्षा अरविंद कुमार शामिल हुए।
सीयूईटी के लिए हेल्प डेस्क
सीयूईटी (विवि संयुक्त प्रवेश परीक्षा) के आवेदनपत्र भरने और छात्र-छात्राओं की शंकाओं के समाधान के लिए एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विवि ने हेल्प डेस्क शुरू किया है। कुलसचिव डॉ. अजय खंडूड़ी ने बताया कि स्नातक के लिए आवेदन कर रहे छात्र सहायक कुलसचिव अरविंद कुमार के मोबाइल फोन नंबर 8868871189 और सीयूईटी के सहायक नोडल अधिकारी डॉ. रमेश राणा के मोबाइल फोन नंबर 9368722563 पर संपर्क कर सकते हैं। संवाद