विकास खंड कीर्तिनगर के प्रधान संगठन ने जल संस्थान और पेयजल निगम के खिलाफ आक्रोश व्यक्त कर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने कहा कि जब तक क्षेत्र में शुद्ध और नियमित पेयजल आपूर्ति सुचारु नहीं हो जाती तब तक ग्रामीणों से पानी के बिलों की वसूली न की जाए।
मंगलवार को प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष सुनय कुकसाल की अध्यक्षता में तहसील पहुंचे प्रधानों ने एसडीएम अजयवीर सिंह को मांगों का ज्ञापन सौंपा। प्रधानों ने कहा कि गांवों को पेयजल आपूर्ति करने वाले टैंकों की वर्षों से सफाई नहीं हो पाई है। टैंक और पेयजल लाइनें जर्जर हो चुकी हैं। विभाग की ओर से क्षतिग्रस्त लाइनों पर साइकिल की ट्यूब बांधकर वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। बरसात में मोटर जलने के नाम पर कई दिन तक पंपिंग पेयजल योजनाएं ठप रहती हैं जबकि अधिकतर समय गंदे पानी की आपूर्ति होती है। इस दौरान लोग प्राकृतिक जलस्रोत और हैंडपंपों से प्यास बुझाते हैं। प्रधान संगठन ने एसडीएम से पेयजल टैंकों की सफाई करवाने, क्षतिग्रस्त पाइप लाइनों की मरम्मत के साथ ही शुद्ध और नियमित आपूर्ति शुरू करने की मांग की है। साथ ही जब तक समस्या का समाधान नहीं हो जाता तब तक पानी के बिलों को माफ करने का अनुरोध किया है।