हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के पौड़ी परिसर में बुधवार को छात्रनेताओं व छात्रों ने परीक्षा परिणामों में अनियमितता को लेकर कुलपति और परीक्षा नियंत्रक का पुतला फूंका। छात्रनेताओं ने कहा कि पौड़ी परिसर की लगातार उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुलपति पौड़ी परिसर को बंद करने की साजिश रच रहे हैं।
बुधवार को पौड़ी परिसर में प्रदर्शन करते हुए छात्रसंघ सचिव गोपाल नेगी, पूर्व कोषाध्यक्ष अंकित सुंदरियाल ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा लगातार छात्रों के परीक्षा परिणामों में अनियमितता बरती जाती रही है। इसका खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ता है। छात्रों की बिना कारण के अनुपस्थिति लगा दी जाती है। विश्वविद्यालय प्रशासन हमेशा से छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करता रहा है। प्रदेश सचिव एनएसयूआई मोहित सिंह, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष आशीष नेगी ने कहा कि कुलपति द्वारा हमेशा से पौड़ी परिसर के छात्रों के साथ भेदभाव किया जाता रहा है और श्रीनगर में बैठे कुलपति पौड़ी परिसर को बंद करने की साजिश रच रही हैं। जल्द ही छात्रों की समस्याओं का निस्तारण नहीं किया जाता है तो भूख हड़ताल भी की जाएगी। हड़ताल में मुकुल, संजना, अक्षिता, सुषमा, अनुज, आकाश, पारस, अमन आदि शामिल थे।