विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने डीएम और एसएसपी के साथ बैठक कर बारिश के दौरान आपदा के खतरों को देखते हुए अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। कहा कि आपदा की घड़ी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने कोटद्वार में जनता दरबार लगाने के निर्देश दिए।
शनिवार को आयोजित बैठक में विधानसभा अध्यक्ष ने जिलाधिकारी डा. विजय कुमार जोगदंडे से कहा कि कोटद्वार में सूखरो, खोह और मालन नदियों सहित गदेरों के उफान पर होने से सभी अफसरों को अलर्ट मोड पर रखें। पुलिस और आपदा कंट्रोल रूम 24 घंटे सजग रहे। उन्होंने किसी भी प्रकार की घटना पर एसडीआरएफ व एनडीआरएफ की टीमों को मुस्तैद रखने के भी निर्देश दिए।
इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने अपने पैतृक गांव राधाबल्लभ पुरम स्थित झालीमाली देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस मौके पर उन्होंने मंदिर में शिवलिंग व नंदी की मूर्ति की स्थापना की। उन्होंने मंदिर परिसर में पौधरोपण भी किया। उन्होंने कहा कि जिले के प्रभारी मंत्री चंदनराम दास अब स्वस्थ हो गए हैं, जल्द ही जिला योजना की बैठक आयोजित कर विकास को गति दी जाएगी।
इस मौके पर राज्य आंदोलनकारी मंच के अनूप कंडारी, सुनील नेगी, सुरेंद्र सिंह, जितेंद्र जोशी, हेमेंद्र नेगी, विजय शर्मा व प्रदीप रावत की ओर से विधानसभा अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर आंदोलनकारियों को सरकारी नौकरियों में 10 फीसदी क्षैतिज आरक्षण लागू करने, समान पेंशन दिए जाने की मांग की।