महंत इंदिरेश अस्पताल की ओर से पीपीपी मोड पर संचालित जिला अस्पताल पौड़ी में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुधारने व अस्पताल प्रशासन पर मरीजों से दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए सोमवार को एमएस का घेराव किया गया। इस दौरान जल्द ही व्यवस्थाएं सुधारने की मांग उठाई गई।
गौरतलब है कि जिला अस्पताल में चार दिन पहले पौड़ी के प्रेमनगर निवासी कमल भंडारी पत्नी को प्रसव के लिए अस्पताल लाए थे। कमल ने अस्पताल प्रशासन पर आरोप लगाया है कि जब उनकी पत्नी को प्रसव पीड़ा हुई तो स्टाफ नर्स को तीन बार बुलाने पर भी वह नहीं आई। स्टाफ रूम में पूछताछ करने पर उनके साथ बदसूलकी की गई। कमल ने बताया कि उनकी पत्नी ने वार्ड के बेड पर बच्चे को जन्म दे दिया। बेड पर डिलीवरी होने के अस्पताल प्रशासन हरकत में आया। सोमवार को कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष विनोद दनोशी, नगर पालिकाध्यक्ष यशपाल बेनाम, व्यापार संघ अध्यक्ष हेमेंद्र सिंह नेगी आदि ने एमएस से मुलाकात कर अस्पताल में अवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए जल्द सुधार की मांग उठाई। एमएस ने आश्वासन दिया कि इस मामले में जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। साथ ही सभी व्यवस्थाएं भी ठीक की जा रही हैं। एमएस से वार्ता के दौरान एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष गौरव सागर, पूर्व ब्लाक प्रमुख पौड़ी मुकेश नेगी, मनमोहन राणा, नवीन नेगी, गौरव कंडवाल, नवल किशोर आदि मौैजूद थे।