कल्जीखाल बाजार के पास बंणिया गांव में एक व्यक्ति का शव फंदे से लटका मिला। राजस्व पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई है। विक्रांत की मौत के बाद कल्जीखाल बाजार में बुधवार को समस्त व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे।
तहसील पौड़ी के कल्जीखाल बाजार के पास बंणिया गांव में किराए के भवन में पेशे से फोटोग्राफर विक्रांत अपने परिवार के साथ रहता था। राजस्व पुलिस ने बताया कि मंगलवार रात करीब 10 बजे विक्रांत ने किराए के भवन के बरामदे में फंदा लगा लिया। परिजनों ने उसे अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कल्जीखाल में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने विक्रांत पुत्र आशुतोष (43) निवासी डुंग्रा गांव को मृत घोषित कर दिया। परिजनों की सूचना पर राजस्व पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पौड़ी भेजा। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बताया जा रहा है कि विक्रांत कल्जीखाल के बंणियां गांव में पत्नी, एक बेटे और बेटी के साथ किराए के मकान में रहता था। कोरोनाकाल के बाद से ही वह बेरोजगार था। विक्रांत की मौत के बाद कल्जीखाल बाजार में बुधवार को समस्त व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। तहसीलदार पौड़ी सब्बल सिंह कठैत ने बताया कि मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई है। जांच व पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।