श्रीनगर गढ़वाल विवि में परीक्षा नियंत्रक से वार्ता करते जय हो छात्र संगठन के सदस्य।
- फोटो : SHRINAGAR
जय हो छात्र संगठन ने परीक्षाफल और ऑफलाइन कक्षाएं घोषित करने की मांग के लिए एचएनबी गढ़वाल (केंद्रीय) विवि के कुलसचिव एवं परीक्षा नियंत्रक से वार्ता की। छात्रों ने विवि से तत्काल निर्णय लेने की मांग की।
बृहस्पतिवार को बिड़ला परिसर के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अंकित रावत ने कहा कि विवि की ओर से 29 जुलाई को परिपत्र जारी किया गया है। इसके अनुसार प्रथम सेमेस्टर में जिन छात्रों की बैक परीक्षाएं छूटी हुई हैं, उनकी परीक्षाएं कोरोना की सामान्य स्थिति होने पर करने की बात की गई है। इससे संबंधित परीक्षार्थियों का परीक्षाफल घोषित होने में काफी देर हो जाएगी। इसलिए छात्रों को उनके सेशनल व असाइमेंट के आधार पर उत्तीर्ण किया जाए। साथ ही तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर के छात्रों को पूर्व के आधार पर नंबर देकर उनका रिजल्ट घोषित किया जाए।
छात्र नेताओं ने कहा कि जब से कोरोना काल शुरू हुआ है, तब से छात्रों की प्रयोगात्मक कक्षाएं भी नही हुई है। षष्ठम सेमेस्टर की परीक्षाओं के साथ ही स्नातक/स्नातकोत्तर की प्रयोगात्मक कक्षाएं सुचारु रूप से ऑफलाइन संचालित की जाए। वार्ता में सुधांशु थपलियाल, कैवल्य जखमोला, पुनीत अग्रवाल, हिमांशु व दीपक शामिल थे।