नेहरू युवा केंद्र पौड़ी की ओर से बीते 18 फरवरी को तीन जिलों की वर्चुअल भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। पांच सदस्यीय चयन समिति ने बृहस्पतिवार को परिणाम घोषित कर दिए हैं। पौड़ी में पारस, रुद्रप्रयाग में निशा व चमोली जिले में वैभव ने बाजी मारी है। प्रतियोगिता के दो-दो विजेता शुक्रवार (आज) देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
गत 18 फरवरी को जनपद पौड़ी, रुद्रप्रयाग व चमोली के जिला स्तरीय युवा संसद की भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। वर्चुअल आयोजित प्रतियोगिता में ‘अतुल्य भारत, आत्मनिर्भर भारत, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया तथा स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत’ आदि विषयों पर तीनों जिलों से युवाओं ने प्रतिभाग किया।
बृहस्पतिवार को प्रतियोगिता की पांच सदस्यीय चयन समिति ने विजेताओं की घोषणा की। समिति में गढ़वाल विवि से आलोक सागर गौतम, रेडक्रास सोसायटी के जिला सचिव केशर सिंह असवाल, आकाशवाणी उद्घोषक योगंबर पोली, वरिष्ठ पत्रकार अनिल भट्ट व राकेश रमण शुक्ला शामिल रहे। नेहरू युवा केंद्र के जिला युवा अधिकारी शैलेश भट्ट ने बताया कि जनपद पौड़ी में पौड़ी के पारस रावत प्रथम, कोठी पाटुली के दिवाकर गोदियाल द्वितीय स्थान पर रहे। रुद्रप्रयाग में भाणाधार की निशा प्रथम, जखोली के मयंक सिंह ने द्वितीय स्थान पाया। चमोली में रविग्राम के वैभव सकलानी पहले और जोशीमठ की प्रियंका शाह दूसरे स्थान पर रही।