खाद्य एवं पूर्ति विभाग सभी उपभोक्ताओं को दो साल बाद भी पीवीसी (प्लास्टिक कोटेड) राशन कार्ड उपलब्ध नहीं करा पाया है। 9 हजार 250 राशन कार्डधारकों में से अभी तक श्रीनगर क्षेत्र में मात्र दो हजार 570 पीवीसी कार्ड मिले हैं। पीवीसी कार्ड मिलने में हो रही देरी को देखते हुए विभाग ने ऑनलाइन राशन कार्ड निकालने की सुविधा दी है। उपभोक्ता https://rcmspds.uk.gov.in/ से राशनकार्ड की प्रति ले सकते हैं।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के श्रीनगर क्षेत्र के अधीन नगर निगम श्रीनगर, विकास खंड खिर्सू सहित विकास खंड कोट और पौड़ी के आंशिक क्षेत्र आच्छादित होते हैं। यहां 31 सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान हैं। इन दुकानों में 9,250 राशन कार्डधारक पंजीकृत हैं। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने लगभग तीन साल पूर्व पुराने राशन कार्डों की जगह पीवीसी राशन कार्ड बनाने का काम शुरू किया। 2019 तक 2,570 पीवीसी राशन कार्ड बनकर बंट भी गए, लेकिन कोरोना संक्रमण के चलते कार्ड बनाने की प्रक्रिया रुक गई। पिछले दो साल से एक भी पीवीसी राशन कार्ड उपलब्ध नहीं हो पाया है, जबकि उपभोक्ता राशनकार्ड की डिमांड कर रहे हैं।
खाद्य निरीक्षक विजय डोभाल के अनुसार, 6,680 राशन कार्ड की पीडीएफ बनाकर मुख्यालय को भेजी जा चुकी है। बताया कि जब तक कार्ड उपलब्ध नहीं होते हैं, तब तक उपभोक्ता ऑनलाइन राशन कार्ड का प्रिंट आउट ले सकते हैं। राशन कार्ड पब्लिक डोमेन में उपलब्ध है। इसके लिए उपभोक्ता को उत्तराखंड खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के फूड सिक्योरिटी प्रोग्राम पोर्टल पर लिंक करना होगा। उपभोक्ता ऑनलाइन राशन कार्ड नंबर विक्रेता की दुकान अथवा कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं।
ऐसे ले ऑनलाइन राशन कार्ड का प्रिंट आउट
-https://rcmspds.uk.gov.in/लिंक ओपन करें
-राशन कार्ड ऑप्शन पर क्लिक करें।
-ऑनलाइन राशन कार्ड नंबर डालें।
-राशन कार्ड से संबंधित डिटेल कंप्यूटर स्क्रीन पर आ जाएगी। उपभोक्ता इसका प्रिंट आउट ले सकते हैं।