खिर्सू-डबरुखाल मोटर मार्ग क्षतिग्रस्त सड़क व नानघाट पेयजल लाइन का निरीक्षण करते डीएम विजय कुमार
- फोटो : PAURI
मुख्यालय पौड़ी में लगातार चली आ रही अनियमित पेयजल आपूर्ति के सुचारु होने का इंतजार और लंबा हो गया है। शुक्रवार रात हुई भारी बारिश से नानघाट पेयजल योजना की पाइपलाइन एक बार फिर क्षतिग्रस्त हो गई है। ये लाइन करीब दो सप्ताह से क्षतिग्रस्त थी। मरम्मत का काम लगभग पूरा हो गया था। वहीं खिर्सू डबरुखाल मोटर मार्ग भी क्षतिग्रस्त हो गया है।
मुख्यालय पौड़ी में नानघाट पेयजल योजना से दो एमएलडी पानी की आपूर्ति होती है। बारिश के कारण योजना की पाइपलाइन डबरुखाल में सड़क मार्ग का पुश्ता ढहने से कई मीटर क्षतिग्रस्त हो गई थी। दो सप्ताह से क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की मरम्मत में देरी पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने शुक्रवार शाम स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने लोनिवि व जल संस्थान के अधिकारियों को पाइपलाइन दुरुस्त कर जल्द पेयजल आपूर्ति सुचारु करने के निर्देश दिए लेकिन शुक्रवार रात मूसलाधार बारिश से सड़क का निर्माणाधीन पुश्ता एक बार फिर ढह गया। साथ ही योजना की पेयजल लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई।
संस्थान के अधिशासी अभियंता शिव कुमार राय ने बताया कि लोनिवि की सड़क टूटने से जलसंस्थान को पाइप पहुंचाने में दिक्कतें आ रही हैं। शनिवार को आपदाग्रस्त गांव नौगांव जाते समय डीएम विजय कुमार जोगदंडे ने पेयजल योजना की पाइप लाइन व सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को क्षतिग्रस्त सड़क मार्ग व पेजयल लाइन को दुरुस्त कर पेजयल आपूर्ति जल्द सुचारु करने के निर्देश दिए।