तहसील भवनों के ध्वस्तीकरण के नौ वर्ष बाद देवप्रयाग तहसील को अपना भवन मिला है। इस मौके पर विधायक विनोद कंडारी ने तीन करोड़ 27 लाख से निर्मित भवन का बुजुर्ग महिला विजय लक्ष्मी बर्त्वाल के हाथों लोकार्पण कर तहसील में फर्नीचर के लिए 50 हजार दिए जाने व स्थायी तौर पर एसडीएम की तैनाती का आश्वासन दिया है।
शुक्रवार को भवन के लोकार्पण के मौके पर विधायक कंडारी ने कहा कि वर्ष 2012 में तहसील के जर्जर भवनों को ध्वस्त किया गया था, जिसके बाद तहसील को नगर पालिका सभागार में संचालित किए जाने पर कर्मियों सहित क्षेत्रीय जनता को समस्या हो रही थी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में उनके प्रयासों से भवन निर्माण के लिए बजट स्वीकृत करवाया गया। अब भवन निर्माण होने से कर्मियों सहित क्षेत्रीय जनता को लाभ मिलेगा। जल जीवन मिशन के तहत देवप्रयाग मेें 14 करोड़ की योजना का निर्माण होगा। इसके अलावा सजवाण कांडा पेयजल योजना के लिए 2 करोड़ स्वीकृत हो चुके हैं, जबकि हिंडोलाखाल पंपिंग पेयजल योजना के पुनर्गठन को 45 करोड़ की स्वीकृति मिल चुकी है। इसके अलावा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टोड़ेश्वर झूला पुल के लिये 7 करोड़ 32 लाख की मंजूरी दी है। इस मौके पर एसडीएम सोनिया पंत, तहसीलदार मानवेंद्र बत्र्वाल, एई सीएस रावत, हरीश थपलियाल, सभासद रूपेश भंडारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष अशोक तिवाड़ी, सौरभ सिंधी, डा. बीएस रावत, रजनीश मोतीवाला, अतुल जोशी, हजारी लाल भट्ट, भूप सिंह भंडारी, मैचंद सिंह रावत, सुरेश मिश्रा, प्रधान वीरपाल, वीरेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।