मिनी स्टेडियम खिर्सु में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विभागों की ओर से जन कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाकर लोगों को लाभान्वित किया गया। साथ ही लोगों को विभागों में संचालित योजनाओं की जानकारी एवं उनकी समस्याओं को प्राप्त करते हुए निस्तारण किया गया। शिविर में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत द्वारा महालक्ष्मी किट, कोविड काल में बेहतर कार्य करने वाली आशा कार्यकत्री, एएनएम, वार्ड ब्वॉय व पर्यावरण मित्रों को कोरोना वारियर्स प्रमाण पत्र वितरित किए गए। शिविर में एएनएम की छात्राओं ने छात्रावास के भवन की जर्जर स्थिति से स्वास्थ्य मंत्री को अवगत कराया। इसपर उन्होंने भवन को ठीक करने के लिए दस लाख रुपये देने की घोषणा की।
सीडीओ प्रशांत कुमार आर्य की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में कुल 24 शिकायत प्राप्त हुईं। मौके पर डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि जिले के हर ब्लॉक स्तर पर भी बहुउद्देश्यीय शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इससे लोगों को मुख्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। जल्द ही श्रीनगर से हेली सेवा शुरू की जाएगी जिसमें किराया काफी कम होगा। सीडीओ प्रशांत कुमार आर्य ने बताया कि शिविर में समाज कल्याण विभाग ने 12 आवेदन वितरित किए। इस तरह के शिविर सभी ब्लाकों में आयोजित किए जाएंगे। इस मौके पर जिलाध्यक्ष भाजपा संपत सिंह रावत, ब्लाक प्रमुख एकेश्वर नीरज पांथरी, मंडल अध्यक्ष रमेश मंद्रवाल आदि उपस्थित थे।