ब्लाक कोट के ग्रामीणों ने राप्रावि देलचौंरी का संचालन एक फिर बंद होने की आशंका को देखते हुए डीएम से मामले की शिकायत की। ग्रामीणों ने कहा कि विगत 2 मई को ग्राम प्रधान, ग्रामीणों के अथक प्रयास व सीईओ पौड़ी की पहल से विद्यालय का करीब छह साल बाद पुन: संचालन शुरू हुआ है, लेकिन पदोन्नति के बाद अब विद्यालय में ऐसे प्रधानाध्यापक राजेंद्र सिंह पंवार को तैनाती मिली है, जिसकी पत्नी के प्रबंधन में इस विद्यालय के 50 मीटर की दूरी पर ही एक निजी विद्यालय संचालित किया जा रहा है, जिससे राप्रावि देलचौंरी का संचालन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है।
ग्राम प्रधान देल मनमोहन पंत पंत ने नवनियुक्त प्रधानाध्यापक को तत्काल नहीं हटाने पर अपने पाल्यों का नाम विद्यालय से कटाने की चेतावनी दी। वहीं डीएम डा. विजय कुमार जोगदंडे ने मामले की जांच कर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया है। वहीं सीईओ डा. आनंद भारद्वाज का कहना है कि प्रधानाध्यापक को विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। विद्यालय से किसी भी छात्र-छात्रा की टीसी काटी जाती है, तो प्रधानाध्यापक के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।