पौड़ी में पत्रकारों से वार्ता करते कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता महेश ढौंडियाल।
- फोटो : PAURI
विधानसभा चुनाव के लिए श्रीनगर सीट से कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता महेश ढौंडियाल ने दावेदारी पेश की है। अभी तक प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल को इस सीट पर एकमात्र दावेदार माना जा रहा था। कांग्रेस में टिकट के लिए गोदियाल व ढौंडियाल के बीच पुरानी खींचतान रही है।
सोमवार को जिला मुख्यालय पौड़ी में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता महेश ढौंडियाल ने पत्रकारों से बातचीत की। इस मौके पर उन्होंने श्रीनगर विधान सभा सीट से टिकट के लिए दावेदारी पेश की। उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि वे जिस युवा (गणेश गोदियाल) को 2001 में कांग्रेस में लाए थे, वह आज पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष है। उन्होंने कहा टिकट के लिए दावेदारी पेश करना हर कार्यकर्ता का अधिकार है। उन्होंने कहा कि श्रीनगर सीट से पार्टी के टिकट के लिए मेरा दावा स्वाभाविक व बहुत पुराना है। ढौंडियाल ने 1984 में युवा कांग्रेस से जुड़ने के बाद लगातार विभिन्न जिम्मेदारियों संभाली हैं। इस अवसर पर जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष नीलम रावत, एसपी रतूड़ी आदि मौजूद रहे।
-----------
- टिकट के लिए दोवदारी करना हर कार्यकर्ता का अधिकार है। ढौंडियाल की दावेदारी का स्वागत है। पार्टी जिसे भी टिकट देगी, हर कार्यकर्ता उस प्रत्याशी की जीत के लिए एकजुटता से कार्य करेगा। -गणेश गोदियाल, प्रदेश अध्यक्ष उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी।