जिला विकास अभिकरण के तहत विभिन्न योजनाओं के विकास कार्यों में हीलाहवाली बरतने पर डीएम विजय कुमार जोगदंडे ने अधिकारियों को फटकार लगाई। डीएम ने सहायक श्रमायुक्त कोटद्वार, क्षेत्रीय अधिकारी उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड पौड़ी, सिटी मिशन मैनेजर शहरी विकास पौड़ी, मत्स्य अधिकारी के बैठक में न पहुंचने पर स्पष्टीकरण मांगा। उन्होंने पीएमईजीपी योजना में कम प्रगति होने पर खादी ग्रामोद्योग विकास अधिकारी का स्पष्टीकरण भी मांगा।
विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम विजय कुमार जोगदंडे ने कहा कि एकल खिड़की पोर्टल की मदद से जनता को उद्योग से जोड़ने के लिए काम आसान करने का प्रयास किया जा रहा है। डीएम ने महाप्रबंधक जिला उद्योग को सिंगल विंडो पर कार्य करने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम कराने के निर्देश भी दिए। ताकि स्वरोजगार के लिए व्यक्तियों को पोर्टल के माध्यम से जानकारी मिल सकेगी। उद्योग मित्र समिति की समीक्षा के दौरान विभिन्न स्वरोजगार के लिए आए आवेदनों को चेक कर समय पर रोजगार देना मुहैया कराने के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत आर्य, अपर जिलाधिकारी इला गिरी, महाप्रबंधक उद्योग मृत्युंजय सिंह, मुख्य कोषाधिकारी लखेंद्र गोंथियाल, जिला पर्यटन विकास अधिकारी के एस नेगी, ईओ नगर पालिका पौड़ी प्रदीप बिष्ट, ईओ दुगड्डा हर्षवर्द्धन और ईओ सतपुली सुशील बहुगुणा आदि शामिल थे।