ईवीएम व वीवीपैट के जरिये मतदान का दिया जा रहा प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
पौड़ी। जिला निर्वाचन विभाग की ओर से इन दिनों आम लोगों को ईवीएम में मतदान के लिए जागरूक किया जा रहा है। विभाग की ओर से मास्टर ट्रेनर मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट की तकनीकी जानकारी दी जा रही है और मतदाता मॉक पोल भी कर रहे हैं। पौड़ी में एमआईसी में करीब 35 मॉक पोल हुए जबकि जिला पंचायत सभागार में 40 मतदान हुए।
शुक्रवार को पौड़ी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मुख्यालय के पुराने जिला पंचायत सभागार में चुनाव कार्मिकों ने आम लोगों को मॉक पोल की जानकारियां दीं। उन्होंने मतदाताओं को ईवीएम, वीवीपैट व बैलेट बॉक्स के बारे में बताया। मास्टर ट्रेनर प्रदीप चंद्र नैथानी ने लोगों को मॉक पोल करवाया। बताया कि इससे पूर्व शहर के एमआईसी इंटर काॅलेज में जाकर युवाओं को ईवीएम से मतदान के लिए प्रेरित किया गया। इस मौके पर मास्टर ट्रेनर गौरव भंडारी शामिल रहे।
चमोली। तहसील चमोली में आयोजित कार्यक्रम में लोगों को वोट डालने की प्रक्रिया के बारे में बताया। प्रशिक्षक कुलदीप सजवाण ने बताया कि अभी तक 30 से अधिक लोगों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
जागरूकता मोबाइल वाहन को रवाना किया
रुद्रप्रयाग। डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डाॅ. सौरभ गहरवार ने मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपट के बारे में जागरूक करने के लिए जिले की दोनों विधानसभा क्षेत्रों के लिए जागरूकता मोबाइल वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मोबाइल वाहनों के जरिये रुद्रप्रयाग और केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र के तहसील मुख्यालयों सहित प्रत्येक बूथों पर ईवीएम-वीवीपैट से मतदान का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही मतदान के लिए जागरूक किया जाएगा। संवाद