एचएनबी गढ़वाल (केंद्रीय) विश्वविद्यालय में बुधवार से ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। शाम चार बजे तक 113 पंजीकरण हो गए थे जबकि 43 अभ्यर्थियों ने आवेदन पत्र की फीस भी जमा कर दी है।
गढ़वाल विवि के तीनों परिसरों (श्रीनगर, पौड़ी व टिहरी) के लिए बुधवार से बीएससी/बीए/बीकॉम समेत विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हुई। इसके तहत विवि की वेबसाइट में पंजीकरण के लिए लॉगइन आईडी बनाने की सुविधा दी गई। आईडी बनने के बाद अभ्यर्थी प्रवेश के लिए आवेदन पत्र भर सकते हैं। विवि के सिस्टम मैनेजर प्रदीप मल्ल ने बताया कि आवेदन पत्र ऑनलाइन भरे जा रहे हैं। विभिन्न कक्षाओं में प्रवेश के लिए शाम चार बजे तक 113 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण करवाया। इनमें 43 ने आवेदन पत्र भरने के लिए फीस जमा कर दी।
गौरतलब है कि प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 8 सितंबर निर्धारित की गई है। बीए/बीएससी/बीकॉम प्रथम सेमेस्टर को छोड़कर समस्त स्नातकोत्तर/स्नातकोत्तर/डिप्लोमा पाठ्यक्रम के सेमेस्टरों में प्रवेश की अंतिम तिथि 30 सितंबर या प्रवेश/अर्हकारी परीक्षा के परीक्षाफल घोषित होने के 20 दिन के अंतर्गत निर्धारित की गई है।