कई होटलों में कोरोना संक्रमण से बचाव के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मास्क, सामाजिक दूरी और सैनेटाइजर को अनिवार्य किया गया है। कारोबारियों के मुताबिक होटल में प्रवेश करते समय ही सैलानियों के साथ-साथ उनके सामान को भी सैनेटाइज किया जाएगा। बगैर मास्क के किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सरकार की ओर से जारी होने वाली एसओपी का भी शत प्रतिशत पालन कराया जाएगा।
क्रिसमस और 31 दिसंबर के लिए सैलानियों ने लगभग 70 फीसदी तक एडवांस बुकिंग करा ली है। दिसंबर में 23 से 25 तक और उसके बाद 31 दिसंबर से नए साल के शुरुआती दो तीन दिनों की एडवांस बुकिंग हो चुकी है।
-वेद साह, स्वामी अलका होटल और सचिव नैनीताल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन
इस बार अच्छा सीजन रहने की उम्मीद है। दूसरे स्थानों से सैलानी होटलों में पूछताछ और एडवांस बुकिंग दोनों ही करा रहे हैं। नियमित रूप से नैनीताल आने वाले सैलानी नगर में पार्किंग और यातायात व्यवस्था की भी जानकारी ले रहे हैं।
-आलोक साह, स्वामी वृंदावन होटल नैनीताल
देहरादून राजधानी के कई होटल, रेस्त्रां, पब व क्लब में क्रिसमस और नए साल का जश्न मनेगा। अभी ज्यादातर जगह बुकिंग नहीं हुई है और अधिकांश होटल भी अभी खाली हैं। लेकिन होटल संचालक अगले कुछ दिनों में बुकिंग की संख्या बढ़ने का अनुमान जता रहे हैं। उसके बाद क्रिसमस और नए साल के जश्न को लेकर तैयारियां की जाएंगी।
कोरोना से पहले हर साल राजधानी के होटल, रेस्त्रां, पब व क्लब में क्रिसमस व नए साल का जश्न बेहद उत्साह से मनाया जाता था। लेकिन कोरोना के बाद से यह लगभग बंद है। हालांकि अब ज्यादातर चीजें सामान्य हो रही हैं, जिसके चलते आयोजन होने की संभावना भी जताई जा रही है।
दून के होटल व रेस्त्रां संचालकों के अनुसार, अभी उन्होंने क्रिसमस या नए साल को लेकर कुछ तय नहीं किया है। दोनों तिथियां नजदीक आने के बाद ही वो कार्यक्रम निर्धारित करेंगे। होटल मधुबन, चिलीज रेस्त्रां, आशनान रेस्त्रां के संचालकों ने बताया कि क्रिसमस के आसपास कुछ आयोजन किया जाएगा, लेकिन अभी ऐसा कुछ तय नहीं है। अभी नए साल की बुकिंग आनी भी शुरू नहीं हुई है।
मसूरी में अधिकांश होटलों में हो चुकी एडवांस बुकिंग
मसूरी में जश्न के लिए होटलों में एडवांस बुकिंग तेज हो गई है। शहर के अधिकतर होटलों में एडवांस बुकिंग हो चुकी है। कई होटल पचास फीसदी तक बुक हो चुके हैं। उत्तराखंड होटल एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संदीप साहनी ने कहा कि क्रिसमस के लिए अभी तक साठ फीसदी होटल बुक हो चुके हैं। नए साल के जश्न के लिए तीस फीसदी एडवांस बुकंग हुई है। अगर मसूरी में विंटर लाइन कार्निवाल होता तो पर्यटकों की संख्या बढ़ जाती।
वहीं देहरादून के होटल रमाडा के जीएम हर्षमणी सेमवाल ने कहा कि नए साल के जश्न के लिए उनका होटल पैक हो चुका है। अधिकतर कमरे 31 दिसंबर के जश्न के लिए मुंबई से आने वाले पर्यटकों से बुक हैं।