कालाढूंगी। कॉर्बेट के गांव छोटी हल्द्वानी को विद्युत आपूर्ति करने वाले ट्रांसफार्मर में आई तकनीकी खामी को ऊर्जा निगम के कर्मचारी 36 घंटे बाद भी दुरुस्त नहीं कर पाए और न ही खराब ट्रांसफार्मर को बदला जा सका। इस कारण छोटी हल्द्वानी के ग्रामीणों को बिन बिजली के रहना पड़ा।
ग्रामीणों ने बताया कि रविवार शाम सात बजे के आसपास क्षेत्र में लगे ट्रांसफार्मर में जोरदार धमाका हुआ। शिकायत पर कर्मचारियों ने फॉल्ट को दुरुस्त कर दिया लेकिन 10 मिनट के बाद ट्रांसफार्मर में फिर धमाका हो गया। इस कारण पूरी छोटी हल्द्वानी की बिजली गुल हो गई। इससे ग्रामीणों को रातभर बिजली संकट झेलना पड़ा। ग्रामीणों ने शीघ्र ट्रांसफार्मर बदलने की मांग की है। समाचार लिखने जाने तक बिजली सप्लाई दुरुस्त नहीं हुई थी। ऊर्जा निगम के सहायक अभियंता दीपक पाठक ने कहा कि खराब ट्रांसफार्मर को शीघ्र बदल दिया जाएगा।