हल्द्वानी। एमबीबीएस प्रथम वर्ष की दो और छात्राओं की रिपोर्टर बुधवार को कोविड पॉजिटिव आ गई। लक्षण दिखने के बाद दोनों की कोविड की जांच कराई गई थी। डेल्टा प्लस वैरिएंट की पुष्टि के लिए सातों छात्राओं के सैंपल जांच के लिए दिल्ली आईसीएमआर को भेजे जाएंगे।
मंगलवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रथम वर्ष की पांच छात्राएं कोविड पॉजिटिव आई थीं। पांचों को बीसी जोशी कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार को दो और छात्राएं कोविड पॉजिटिव आ गईं। उनको भी बीसी जोशी कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक छात्रा के परिजन अंडरटेकिंग देकर उसे अपने साथ घर ले गए। राजकीय मेडिकल कॉलेज के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. जीएस तितियाल ने बताया कि प्रथम वर्ष के सभी 125 छात्र-छात्राओं के सैंपल आरटीपीसीआर जांच के लिए भेजे जाएंगे। बुधवार को 20 छात्र-छात्राओं के सैंपल जांच को भेजे गए हैं। साथ ही सभी को आइसोलेट कर दिया गया है। सभी को हिदायत दी है कि छात्रावास के बाहर न आएं। छात्रावास को सैनिटाइज कराया जाएगा। अग्रिम आदेशों तक कक्षाएं स्थगित कर दी हैं। लेक्चर थियेटर हॉल को भी सैनिटाइज कराया जाएगा। डॉ. तितियाल ने बताया कि मेस के सभी कर्मियों के सैंपल कराए जाएंगे। मेस के कर्मी प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं को बाहर से ही खाना देकर आ रहे हैं। द्वितीय से पंचम वर्ष के छात्र-छात्राओं के लिए अलग मेस है।
एक प्रोफेसर समेत अन्य डॉक्टर मिले
हल्द्वानी। एनाटॉमी विभाग में राजकीय मेडिकल कॉलेज को एक प्रोफेसर की नियुक्ति हुई है। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी ने बताया कि एनाटॉमी विभाग में एक एसोसिएट प्रोफेसर, एक असिस्टेंट प्रोफेसर एनस्थीसिया में एक असिस्टेंट प्रोफेसर मेडिसिन में और एक असिस्टेंट प्रोफेसर फारेंसिक मेडिसिन में मिले हैं जबकि माइक्रोबायोलॉजी में एक ट्यूटर मिली हैं।