नैनीताल में भवाली रोड में लगा जाम।
- फोटो : NAINITAL
नैनीताल। ज्योलीकोट-कर्णप्रयाग मार्ग स्थित वीरभट्टी के पास दोबारा मलबा आने से हल्द्वानी से पहाड़ को आने जाने वाले भारी वाहनों वाया नैनीताल होकर जा रहे हैं। इस कारण नैनीताल की सड़कों में फिर से जाम की स्थिति बनने लगी है। मंगलवार को भी दोपहर बाद नैनीताल-हल्द्वानी औैर नैनीताल भवाली रोड में रुक रुक कर जाम लगता रहा।
बता दें कि वीरभट्टी के पास मलबा हटाने के बाद मंगलवार को कुछ देर के लिए हाईवे पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई थी। लेकिन फिर से वीरभट्टी में मलबा आने के बाद वाहनों को वाया नैनीताल होकर आना जाना पड़ा।
मंगलवार शाम करीब पांच बजे एक ट्रक नैनीताल से भवाली की ओर जा रहा था और सामने से रोडवेज बस आ रही थी। संकरी सड़क होने पर दोनों वाहन फंस गए। इससे जाम लग गया। इसी दौरान तेज बारिश होने से करीब घंटे भर तक जाम लगा रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में तल्लीताल थाने के पुलिस कर्मियों किसी तरह जाम खुलवा।
नैनीताल जिले की नौ सड़कों पर यातायात ठप
नैनीताल। रुक रुक कर हो रही बारिश के चलते सड़कों में मलबा गिरने का सिलसिला जारी है। इसी के चलते जिले की नौ सड़कें मंगलवार देर शाम तक बंद रही। आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार मंगलवार देर शाम तक ज्योलीकोट-भवाली, मुककुड़िया-लूगड़, हैड़ाखान धाम रोड, डोला न्याय पंचायत मार्ग, फतेहपुर छड़ा- अडिया रोड, बोहरागांव-देवीपुरा, कालाखेत-दिग्थरी, भौर्सा-पिनरों व बानना मोटर मार्ग बंद हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शैलेश कुमार के अनुसार बंद पड़ी सड़कों को खोलने के लिए विभागीय स्तर पर जेसीबी मलबा हटाने में जुटी हुई हैं। (माई सिटी रिपोर्टर)