हल्द्वानी/नैनीताल। नैनीताल में टैक्सियों की हड़ताल के कारण शुक्रवार को हल्द्वानी, नैनीताल और भवाली में यात्रियों के साथ-साथ पर्यटकों को भी परेशानी हुई। हल्द्वानी में रोडवेज बस अड्डे पर बसें कम पड़ गईं। परिवहन निगम को नैनीताल के लिए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था करनी पड़ी। नैनीताल जाने वाली बसों में सीट पाने के लिए यात्रियों में धक्कामुक्की तक हो गई। कई यात्री बसों की खिड़कियों से सीटों पर चढ़े।
पुलिस पर बेवजह चालानी कार्रवाई का आरोप लगाकर नैनीताल में टैक्सी चालक और संचालकों ने प्रदर्शन किया। हालांकि दोपहर बाद प्रशासन से वार्ता के बाद चालक-संचालकों ने हड़ताल खत्म की। टूर एंड टैक्सी ट्रेवल्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नीरज जोशी ने कहा कि कई दिनों से टैक्सी चालकों व संचालकों के खिलाफ गलत चालानी कार्रवाई की जा रही है। इसके बाद टैक्सी संचालकों का एक शिष्टमंडल संयुक्त मजिस्ट्रेट प्रतीक जैन से मिला। जिला प्रशासन की ओर से लिखित में दिए गए आश्वासन के बाद टैक्सी संचालन सुचारु किया गया। प्रदर्शन में दीपक मटियानी, पंकज तिवारी, दीवान बिष्ट, ललित जोशी, गोविंद सिंह, महफूज सिद्दीकी, शाकिर खान, राकेश कुमार, इकबाल आदि थे।
उधर, भवाली में बच्चों और कर्मचारियों को परेशान होना पड़ा। टैक्सी यूनियन अध्यक्ष नीरज अधिकारी ने बताया कि नगर के टैक्सी वाहनों को नैनीताल में घुसने नहीं दिया जा रहा है।
हड़ताल का हल्द्वानी में दिखा असर
हल्द्वानी। नैनीताल से टैक्सियों के नहीं आने से भी यात्रियों को परेशानी हुई। नैनीताल के लिए भी टैक्सियों का संचालन कम रहा। परिवहन निगम के उप महाप्रबंधक सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि नैनीताल के लिए यात्रियों की भीड़ देखते हुए दो अतिरिक्त बसें भेजी गईं। दिल्ली, बरेली, चंडीगढ़, देहरादून समेत अन्य शहरों के लिए सामान्य दिनों की तरह बसों का संचालन हुआ।