नैनीताल। बीते कई दिनों तक हुई लगातार बारिश के बाद शनिवार को मौसम खुला तो सप्ताहांत में नैनीताल में फिर सैलानियों की भीड़ उमड़ गई। इसके चलते नगर के पिकनिक स्पॉट में सैलानियों की भीड़ रही। दिन भर पर्यटन संबंधी गतिविधियां चलते रहीं, जिसके चलते कारोबारी भी खासे व्यस्त रहे।
सुबह से ही नैनीताल में सैलानियों की संख्या बढ़ने लगी और दोपहर तक डीएसए मैदान, मैट्रोपोल होटल कंपाउंड समेत सभी छोटे पार्किंग स्थल वाहनों से फुल नजर आए। सैलानियों के वाहनों को नगर में प्रवेश की अनुमति मिलने के कारण माल रोड से लेकर मल्लीताल रिक्शा स्टैंड, मस्जिद तिराहा और हाईकोर्ट रोड में वाहन दिन भर रेंगते नजर आए। मल्लीताल पुलिस चौकी के सामने कई बार जाम की स्थिति बनी। दिन भर माल रोड, पंत पार्क, चाट बाजार, बैंड स्टैंड और हिमालय दर्शन में पर्यटकों का जमावड़ा लगा रहा। दिन भर झील में पर्यटकों की नौकायन का आनंद लिया। सैलानियों ने रोपवे और केव गार्डन की भी सैर की। शनिवार को चिड़ियाघर में 940 पर्यटक, वाटर फाल में 778 तथा हिमालयन बॉटनिकल गार्डन में 185 पर्यटक मौज मस्ती को पहुंचे।
साढ़े तीन सौ से अधिक सैलानियों को लौटाया
शनिवार को रूसी बाईपास, नारायण नगर और बारापत्थर क्षेत्र में पुलिस के जवान सुबह से तैनात थे। वह नैनीताल आने वाले सैलानियों के कागजात जांच कर रहे थे। कोतवाल अशोक कुमार सिंह ने बताया कि बारापत्थर क्षेत्र से नैनीताल में प्रवेश करने वाले करीब 70 चार पहिया वाहनों में सवार 350 से अधिक सैलानियों के पास न तो कोविड निगेटिव रिपोर्ट थी और न ही पार्किंग वाले होटलों की बुकिंग। बताया कि इन सैलानियों को बारापत्थर से ही वापस लौटा दिया गया।
मैं वकील हूं मास्क नहीं लगाऊंगा, हंगामा हुआ
मल्लीताल पुलिस चेक पोस्ट के पास जब पुलिस कर्मियों ने बगैर मास्क घूम रहे एक व्यक्ति को मास्क लगाने को कहा तो वह पुलिस से ही भिड़ गया। बोला मैं वकील हूं, मास्क नहीं लगाऊंगा। इसके बाद वहां हंगामा हो गया और पुलिस उसे पकड़कर कोतवाली ले गई। बाद में उसने लिखित माफीनामा दिया। कोतवाल अशोक कुमार सिंह ने बताया कि लुधियाना निवासी सैलानी ने लिखित माफीनामा दिया। इसके बाद उसके खिलाफ पुलिस एक्ट में कार्रवाई कर हिदायत देकर छोड़ दिया गया।
सैलानी निकला कोरोना संक्रमित, वापस भेजा
शनिवार को बीडी पांडे अस्पताल के मेडिकल स्टाफ ने नैनीताल पहुंचे 151 सैलानियों की बारापत्थर और तल्लीताल चुंगी के पास रैंडम कोरोना जांच की। पीएमएस डॉ. केएस धामी ने बताया कि यूपी से आए एक परिवार के छह लोगों की रैपिड एंटीजन जांच की गई, जिसमें एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला। इसके बाद पूरे परिवार को वापस भेज दिया गया। बताया कि अस्पताल परिसर में हुई जांच में मल्लीताल निवासी एक अन्य व्यक्ति भी संक्रमित मिला है जिसे होम आईसोलेट कर दिया गया है।
कोविड केयर सेंटर के लिए टीआरसी में दस कमरे
बीडी पांडे अस्पताल के सीएमएस डॉ. केएस धामी ने बताया कि कोराना की तीसरी लहर को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने अभी से सूखाताल स्थित पर्यटक आवास गृह में दस कमरे कोविड केयर सेंटर के लिए आरक्षित करा दिए हैं। बताया कि जरूरत पड़ने पर कोरोना संक्रमितों को अब टीआरसी सूखाताल में आईसोलेट किया जाएगा।