रामनगर (नैनीताल)। तराई पश्चिमी वन प्रभाग की बन्नाखेड़ा रेंज में आपसी संघर्ष में बाघिन की मौत हो गई। बाघिन की मौत से वन विभाग में हड़कंप मच गया।
डीएफओ बलवंत सिंह शाही ने बताया कि तराई पश्चिम वन प्रभाग की बन्नाखेड़ा रेंज के जंगल के नाले में वन विभाग के कर्मचारियों को गश्त के दौरान बाघिन का शव मिला। बाघिन का शव कई दिन पुराना था। उसके शरीर पर चोट के निशान से लग रहा है कि बाघिन की मौत आपसी संघर्ष में हुई है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के असल कारणों का पता चल पाएगा। बाघिन की उम्र आठ साल थी। पोस्टमार्टम के बाद शव को नष्ट कर दिया गया है।
दूसरी ओर रविवार की रात रामनगर रेंज के छोई के समीप सड़क हादसे में मारे गए तेंदुए के शव को पोस्टमार्टम के बाद नष्ट कर दिया गया है। डीएफओ ने बताया कि तेंदुए को टक्कर मारने वाले आरोपी वाहन चालक की तलाश की जा रही है। आसपास के होटलों और रिजॉर्टों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।