फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

साल के आखिरी दिन सैलानियों से पैक हुआ नैनीताल

विज्ञापन
नैनीताल के होटल मनुमहारानी में नव वर्ष की पूर्व संध्या पर कुछ इस तरह डांस करते हुए पर्यटक। - फोटो : NAINITAL
विज्ञापन
साल के आखिरी दिन सैलानियों से पैक हुआ नैनीताल
विज्ञापन

फोटो
- रात बारह बजते ही होटलों से सुनाई दिया हैप्पी न्यू ईयर
- अस्थाईयी पार्किंग स्थलों से आसपास के क्षेत्रों को लौटे सैलानियों के सात सौ से अधिक वाहन
माई सिटी रिपोर्टर
नैनीताल। साल के आखिरी दिन नैनीताल के सभी होटल और पार्किंग स्थल पैक हो गए। चप्पे चप्पे पर सैलानियों के झुंड नजर आए। देर शाम तक नैनीताल में लगभग 25 हजार से अधिक सैलानी पहुंच चुके थे। अस्थायी पार्किंग स्थलों में सैलानियों के वाहन रोके जाने के बाद नैनीताल आ रहे सैलानियों के सात सौ से अधिक वाहन आसपास के पर्यटक स्थलों की ओर लौट गए। पर्यटकों की भीड़ देख कारोबारी खासे प्रसन्न दिखे। जैसे ही घड़ी की सूईयों ने रात के 12 बजाए तो होटलों से हैप्पी न्यू ईयर का आगाज सुनाई दिया। होटलों में पहुंचे सैलानियों ने डीजे की थाप पर जमकर मस्ती की और एक दूसरे को नए साल की बधाई दी।
31 दिसंबर को सुबह से ही सैलानी आने लगे थे। दोपहर बारह बजे तक पुलिस प्रशासन ने सभी सैलानियों को नैनीताल में प्रवेश दिया लेकिन दोपहर में जब नगर के भीतर स्थित पार्किंग स्थल पैक होने लगे तो पुलिस प्रशासन ने रूसी बाईपास और नारायण नगर में पर्यटकों के दोपहिया और चौपहिया वाहनों को खड़ा कराना शुरू कर दिया। केवल उन्हीं सैलानियों को नगर में प्रवेश दिया गया जिनके पास होटलों की एडवांस बुकिंग थी। अस्थायी पार्किंग स्थलों से सैलानियों को शटल सेवा से नैनीताल भेजा गया। पार्किंग संचालक राजेश वर्मा ने बताया कि देर रात तक दोनों अस्थायी पार्किंग स्थलों में तीन सौ से अधिक वाहन खड़े कराए जा चुके थे। जबकि सैकड़ों सैलानी अस्थायी पार्किंग स्थलों से वापस लौट गए।
विज्ञापन

दोपहर बाद से ही मल्लीताल स्थित पंत पार्क, चाट बाजार, तिब्बती भोटिया मार्केट आदि में सैलानियों की भीड़ लगी रही। शाम चार बजे के बाद माल रोड भी सैलानियों से पैक हो गई। छह बजे अपर माल रोड पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद कर दी गई थी जबकि लोअर माल रोड में वाहनों को तल्लीताल से मल्लीताल की ओर जाने की छूट थी। यहां पहुंचे सैलानियों ने नैनीझील में नौका विहार और बारापत्थर में घुड़सवारी का आनंद उठाया। यही नहीं सैकड़ों सैलानी रोपवे से स्नोव्यू पहुंचे। जहां से उन्होंने हिमालय के विहंगम नजारे के साथ साथ प्राकृतिक सौंदर्य को निहारा। चिड़ियाघर मेें 1086, केव गार्डन में 650, रोपवे और वाटर फाल में 700-700 सैलानी पहुंचे। इसके अलावा स्नोव्यू, हिमालय दर्शन, टिफिनटॉप, हनुमानगढ़ी, बारापत्थर, मौस गार्डन, खुर्पाताल, लवर्स प्वाइंट में भी दिन भर सैलानियों की भीड़ जुटी रही।
- इनसेट
होटलों तक सीमित रहे कार्यक्रम
नैनीताल। पूर्व के वर्षों में जहां 31 दिसंबर की देर रात तक नैनीताल की सड़कों पर धूमधड़ाका नजर आता था वहीं इस बार नए साल के स्वागत संबंधी कार्यक्रम होटलों तक ही सीमित रहे। नगर के मनुमहारानी होटल, होटल शेरवानी, नैनी रिट्रीट, क्लासिक आरा में होटल प्रबंधन की ओर से कोविड गाइडलाइन के तहत सैलानियों के मनोरंजन के कार्यक्रम आयोजित किए गए। जबकि माल रोड पर रात में कोरोना गाइडलाइन के पालन संबंधी स्लोगन गूंजते रहे।
- इनसेट
नाइट कर्फ्यू के चलते सूनी रही माल रोड
नैनीताल। साल के आखिरी दिन सुबह से लेकर देर शाम तक माल रोड में सैलानियों का जमघट लगे रहा लेकिन जैसे ही रात 11 बजे नाइट कर्फ्यू के चलते माल रोड पर सन्नाटा पसर गया। जबकि पूर्व के वर्षों तक रात बारह बजे माल रोड में गीत संगीत के बीच जोरदार जश्न के बीच सैलानी थिरकते नजर आते थे। इस बार रात में माल रोड पर पुलिस कर्मी गश्त करते दिखे।
-इनसेट
- 50 सैलानियों की हुई कोरोना जांच
नैनीताल। साल के आखिरी दिन उमड़ी भीड़ के बीच कोरोना गाइडलाइन की दिन भर धज्जियां उड़ती रही। अधिकांश सैलानियों के चेहरे पर मास्क नजर नहीं आया। सामाजिक दूरी का पालन तो कहीं भी नहीं हुआ। जहां कहीं भी पुलिस नजर आती सैलानी मास्क लगा लेते। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अस्थायी पार्किंग स्थलों में कोरोना जांच की व्यवस्था की गई थी। बीडी पांडे अस्पताल के पीएमएस डा. केएस धामी ने बताया कि तल्लीताल, पंत पार्क और बारापत्थर क्षेत्र में 50 सैलानियों की रैंडम जांच की गई।
विज्ञापन

इनसेट
नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर लगाया जैमर
नैनीताल। पुलिस की सख्ती के बाद भी कई वाहन चालकों ने शुक्रवार को अपने वाहन नगर के अलग अलग स्थानों पर नो पार्किंग जोन में खड़े कर दिए। पुलिस ने मुनादी कर वाहनों को हटाने की अपील की लेकिन जब वाहन स्वामियों ने वाहन नहीं हटाए तो पुलिस कर्मियों ने वाहनों में जैमर लगा दिए। तल्लीताल क्षेत्र में एक महिला तो देर तक अपनी गाड़ी में लगे जैमर को हटवाने के लिए पुलिस कर्मियों का इंतजार करते रही। दूसरी ओर भवाली रोड में पाइंस के पास, हल्द्वानी रोड में नारायण नगर और कालाढूंगी रोड में नारायण नगर और बारापत्थर में पुलिस मुस्तैद दिखी। एसएसपी पंकज भट्ट, सीओ संदीप नेगी, कोतवाल धर्मवीर सोलंकी तल्लीताल के थानाध्यक्ष रोहिताश सिंह सागर और यातायात निरीक्षक आदेश कुमार भी दिन भर अलग-अलग क्षेत्रों में व्यवस्था बनाते दिखे। जबकि किलबरी रोड पर दिन में कई बार जाम लगा। किलबरी रोड के अलावा नगर और आसपास की सड़कों पर कही भी जाम नहीं लगा। अलबत्ता मल्लीताल रिक्शा स्टैंड, मस्जिद तिराहा, नैनीताल क्लब चौराहा आदि स्थानों पर वाहनों की कतार नजर आई लेकिन वह भी धीरे धीरे आगे बढ़ते रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें