हल्द्वानी। स्टोन क्रशर स्वामियों की ओर से भाड़ा तय नहीं होने के कारण गौला वाहन स्वामियों ने तीसरे दिन भी अपने वाहन गौला खनन के लिए नहीं उतारे। वन विकास निगम के अधिकारियों ने भी भाड़ा तय नहीं होने तक अन्य गेट नहीं खोलने की बात कहीं है। उधर क्रशर स्वामी भाड़ा बढ़ाने के मूड में नहीं हैं। उनका कहना है कि उत्तराखंड में रायल्टी महंगी होने से दूसरे प्रदेशों से सस्ते में उपखनिज आ रहा है। ऐसे में उनका उपखनिज नहीं बिक पा रहा है।
वन विकास निगम ने शनिवार को आंवला चौकी गेट खनन के लिए खोल दिया था लेकिन वाहन स्वामी भाड़ा तय नहीं होने तक खनिज नहीं निकालने की बात पर अड़ गए हैं। तीसरे दिन भी आंवला चौकी गेट में खनन के लिए वाहन नहीं गए। डीएलएम वाईके श्रीवास्तव ने कहा कि वाहन स्वामी भाड़ा तय करने की मांग कर रहे हैं। स्टोन क्रशर भाड़ा तय करे तो वह अन्य गेट भी खोल देंगे।
क्रशर स्वामी अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि अन्य प्रदेशों में रायल्टी कम है। इस कारण प्रदेश के बाहर माल नहीं बिक पा रहा है।
120 क्विंटल उपखनिज निकालने की तैयारी
हल्द्वानी। अभी गौला नदी से एक डंपर 100 क्विंटल उपखनिज लेकर आता है। इससे अधिक ओवरलोड की श्रेणी में आता है लेकिन अब नए वाहनों का व्हील बेस बढ़ गया है। नए वाहनों में मानकों के अनुसार 120 क्विंटल तक उपखनिज आ सकता है। ऐसे में क्रशर लॉबी गौला नदी से उपखनिज निकलने की मात्रा 120 क्विंटल कराने में लगी है। क्रशर स्वामियों का कहना है कि भार बढ़ने से वाहन स्वामी और क्रशरों को भी पड़ता आ जाएगा लेकिन वाहन स्वामी इसका विरोध कर रहे हैं।