नैनीताल। नगर पालिका की हंगामेदार बोर्ड बैठक में पालिका की दुकानों का किराया सर्किल रेट के आधार पर बढ़ाने, दुर्गापार में बने आवासों को किराये पर देने समेत दस प्रस्तावों पर सहमति बनी। बैठक के दौरान सभासदों ने पालिका अधिकारियों पर सभासदों की उपेक्षा करने और वार्डों में विकास कार्य न करने के आरोप लगाए। इस बीच सभासद धरने पर भी बैठ गए।
पालिकाध्यक्ष सचिन नेगी की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभासदों ने अधिकारियों पर काम न करने का आरोप लगाया। इस दौरान सभासद कुर्सियां छोड़ जमीन पर धरने पर बैठ गए। इसके चलते कुछ देर तक बोर्ड बैठक रोकनी पड़ी। बाद में पालिकाध्यक्ष के समझाने पर सभासद धरने से उठे और बैठक शुरू हुई। इसके बाद बोर्ड बैठक में पालिका के आय-व्यय पर चर्चा की गई। बैठक में दुर्गापुर क्षेत्र में बने आवासों को गरीब और जरूरतमंदों को पांच सौ रुपये प्रतिमाह किराये पर देने पर सहमति बनी। कहा कि शहर की अंदरूनी सड़कों के रखरखाव के लिए शासन से पत्राचार कर बजट की मांग की जाएगी।
बैठक में मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप मल्लीताल रामलीला कमेटी के पास मार्केट प्लाजा का निर्माण, राजभवन क्षेत्र में प्राकृतिक रूप से बनी झील और जलस्रोत के संरक्षण, पालिका की आय वृद्धि के लिए दुकानों का किराया सर्किल रेट के आधार पर बाजार दरों के अनुरूप बढ़ाने का प्रस्ताव पारित किया गया। बताया कि सभासद गजाला कमाल के वार्ड में विकास कार्यों के लिए टेंडर करा दिए गए हैं। बैठक में पालिकाध्यक्ष सचिन नेगी सभासद पुष्कर बोरा, सपना बिष्ट, मनोज जगाती, रेखा आर्य, भगवत रावत, सुरेश चंद्र, निर्मला चंद्रा, सागर आर्य, कैलाश रौतेला, ईओ अशोक कुमार वर्मा, अवर अभियंता डीएस मेहरा आदि थे।
महिला सभासद ने दी आत्मदाह की चेतावनी
नैनीताल। बोर्ड बैठक में सभासद गजाला कमाल ने वार्ड में विकास कार्य न होने पर आत्मदाह की धमकी दी और धरने पर बैठ गई। सूखाताल क्षेत्र की सभासद गजाला कमाल ने वार्ड में काम न कराने पर अधिकारियों को खरी खोटी सुनाई। कहा कि बीते तीन सालों से उनके वार्ड में एक भी कार्य नहीं किया गया है। अन्य सभासदों ने भी गजाला का समर्थन किया। ईओ अशोक कुमार वर्मा ने नाराज सभासदों को किसी तरह शांत कराया।
एक करोड़ अतिरिक्त आय होगी
नैनीताल। बोर्ड बैठक में पालिका की दुकानों का किराया सर्किल रेट के आधार पर बढ़ाने पर सहमति हुई। पालिकाध्यक्ष सचिन नेगी ने कहा कि सर्किल रेट के आधार पर किराया बढ़ाने से पालिका की आय में प्रतिमाह लगभग एक करोड़ का इजाफा होगा।
बोर्ड बैठक में समितियों का गठन
नैनीताल। पालिका की बोर्ड बैठक में सर्वसम्मति से समितियों का गठन किया गया। इसमें वित्त समिति के अध्यक्ष पालिकाध्यक्ष सचिन नेगी, स्वास्थ्य समिति की गजाला कमाल, पुस्तकालय समिति की रेखा आर्य, कर निर्धारण समिति की प्रेमा अधिकारी, निर्माण समिति के पुष्कर बोरा, शिक्षा समिति का दायित्व निर्मला चंद्रा, हाट फड़ समिति के राजू टांक और फ्लैट समिति का अध्यक्ष भगवत सिंह को बनाया गया।