हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में अब स्नातक प्रथम वर्ष की रिक्त 701 सीटों पर दीपावली के बाद ‘पहले आओ-पहले पाओ’ के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए कुमाऊं विश्वविद्यालय के पोर्टल पर पंजीकरण होना अनिवार्य होगा। यह निर्णय कॉलेज प्रशासन और आंदोलनकारी छात्रों के बीच हुई समझौता वार्ता में हुआ। इसके बाद प्राचार्य ने अनशनकारी छात्रों को जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया। इससे पहले आंदोलनकारी छात्रों ने सीटें बढ़ाने और प्रत्येक विद्यार्थी को प्रवेश देने की मांग को लेकर प्राचार्य कक्ष में जमकर हंगामा किया।
स्नातक प्रथम वर्ष में सीटें बढ़ाने और वंचित सभी छात्रों को प्रवेश देने की मांग को लेकर अनशन कर रहे चार छात्रों को स्वास्थ्य गिरने पर रविवार को पुलिस प्रशासन ने उन्हें अस्पताल में भर्ती करवा दिया था, इसके बाद आंदोलन की कमान एनएसयूआई के संजय जोशी ने कमान संभाल ली थी। उठाए गए आंदोलनकारी चारों छात्र सोमवार को पुन: कॉलेज पहुंच गए। अनशन पर बैठे छात्र नारेबाजी करते हुए प्राचार्य डॉ. बीआर पंत के कक्ष में पहुंच गए और हंगामा किया। इसी बीच कुछ गुस्साए छात्र प्राचार्य की मेज पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। वहीं, कुछ छात्रों ने सीटें न बढ़ाने पर आत्मदाह तक की धमकी दे डाली। एक छात्र के डीजल लेकर आने की भी चर्चा थी। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष विशाल सिंह भोजक ने प्राध्यापकों के साथ किसी तरह गुस्साए छात्रों को शांत किया।
एक घंटे चली समझौता वार्ता
हल्द्वानी। प्राचार्य ने साढ़े 11 बजे प्रवेश समिति, प्रॉक्टीरियल बोर्ड और विभागाध्यक्षों के साथ बैठक की। दोपहर साढ़े 12 बजे छात्रों के प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए बुलाया। लगभग एक घंटे तक चली समझौता वार्ता में कॉलेज प्रशासन के आश्वासन के बाद छात्रों ने आंदोलन खत्म करने की घोषणा कर दी। इस दौरान सूरज जंतवाल, संजय जोशी, संस्कार रस्तोगी, निहित नेगी, मुकेश कुलौरा, सूरज भट्ट, मीमांशा आर्या मौजूद रहे।
इन मुद्दों पर बनी सहमति
- एमबीपीजी कॉलेज में सीटें बढ़ाने एवं सांध्यकालीन कक्षाएं पुन: शुरू करने के संबंध में प्रस्ताव निदेशालय को भेजा जाएगा।
- स्नातक प्रथम वर्ष में बीए, बीकॉम, बीएससी में रिक्त 701 सीटों पर दिवाली की छुट्टी के बाद पहले आओ पहले पाओ के आधार पर ऑफलाइन आवेदन पर प्रवेश दिए जाएंगे। बीए में 238, बीकॉम में 144, बीएससी जेडबीसी ग्रुप में 159 और पीसीएम ग्रुप में 160 सीटों के लिए आवेदन फार्म जमा होते ही प्रवेश बंद कर दिए जाएंगे।
- नगर हल्द्वानी के नाम से खुलने वाले नए कॉलेज में दाखिले के लिए एमबीपीजी परिसर में काउंटर लगाया जाएगा लेकिन उसके दाखिले एमबीपीजी में नहीं हो पाएंगे। नए महाविद्यालय में प्रवेश कराए जाएंगे।
-तीसरी मेरिट के विद्यार्थियों के अभिलेखों का सत्यापन आठ नवंबर को किया जाएगा। प्रवेश शुल्क नौ नवंबर तक जमा होगा।
प्राचार्य को पीछे के गेट से अंदर आना
हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में छात्रों के आंदोलन को देखते प्रभारी प्राचार्य डॉ. बीआर पंत सोमवार को मुख्य गेट से नहीं आए बल्कि वह कॉलेज के पिछले गेट से अंदर पहुंच गए।
-
छात्रों ने नैनीताल जाकर कुलपति को घेरा
हल्द्वानी। एमबीपीजी के छात्रों ने कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल जाकर कुलपति एवं कुलसचिव का घेराव किया तथा सीटें बढ़ाने की मांग की। छात्रों ने कुलपति की गाड़ी को रोका तथा अपनी मांगों को उनके सामने रखा। इस दौरान छात्र नेता सूरज पांडे ,जीवन जोशी, सत्यम दरमवाल, मनीष गोस्वामी, करन अधिकारी आदि शामिल रहे।