हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में अपूर्ण दस्तावेज के बावजूद प्रवेश देने की मांग को लेकर प्रवेशार्थियों ने बुधवार को हंगामा किया। गुस्साए छात्र प्रवेश देने की जिद पर अड़े रहे। उनकी प्रभारी प्राचार्य से काफी देर तक बहस भी हुई।
छात्रों का तर्क था कि जिन प्रवेशार्थियों का नाम मेरिट लिस्ट में आया है लेकिन उनके पास ओबीसी, एससी, एसटी आदि प्रमाणपत्र नहीं हैं। बाद में वह प्रमाणपत्र जमा करा देंगे। प्रमाणपत्र नहीं देने की दशा में उनका प्रवेश निरस्त किया जाए। प्रदर्शन करने वालों में नाजिम अंसारी, अमन अल्वी, संजय जोशी, सचिन, मनोज, सूरज पांडे आदि थे।
विद्यार्थियों को बिना प्रमाणपत्र प्रवेश देना संभव नहीं है। मेरिट में आए छात्रों को प्रमाणपत्र देने के लिए 15 दिन का समय दिया है। उन्हें छह से आठ अक्तूबर तक प्रवेश दिया जाएगा। उनकी मेरिट यथावत बनी रहेगी।
- सुचिता साह मेहता, प्रभारी प्राचार्या, एमबीपीजी कॉलेज
एमबीपीजी: 214 विद्यार्थियों ने लिया प्रवेश
हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। बुधवार को विभिन्न संकायों में कुल 214 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया। बीए में 117, बीएससी (जेडबीसी) में 32, बीएससी (पीसीएम) में 27 और बीकॉम में 38 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया। कॉलेज के प्रवेश प्रभारी डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि अब तक कुल 650 विद्यार्थी प्रवेश ले चुके हैं। प्रवेश प्रक्रिया 24 सितंबर तक चलेगी। विद्यार्थी 26 सितंबर तक शुल्क जमा कर सकते हैं। छात्र बृहस्पतिवार तक महाविद्यालय के गूगल फार्म में आवेदन कर अपूर्ण डाटा को पूर्ण कर सकते हैं। (माई सिटी रिपोर्टर)