रामनगर में इंडियन रिजर्व बटालियन (आईआरबी) में एसआई की भर्ती प्रक्रिया में शनिवार को दौड़ते समय सात युवक गश खाकर गिर गए। सभी को एंबुलेंस से रामनगर के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया गया। अस्पताल में दो युवकों ने आपा खो दिया और उन्होंने अस्पताल कर्मियों से मारपीट कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली और युवकों का उपचार कराया।
एक सितंबर से 30 सितंबर 2024 तक आईआरबी बैलपड़ाव में एसआई की भर्ती प्रक्रिया चल रही है। प्रदेश के सभी जिलों के अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता, मेडिकल परीक्षण के लिए पहुंच रहे है। शनिवार दोपहर को एसआई भर्ती के लिए दौड़ हुई जिसमें सात युवक गश खाकर गिर गए।
इस पर उन्हें सरकारी अस्पताल रामनगर में भर्ती कराया। अस्पताल में पहुंचने पर दो युवकों ने हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि उन्होंने आईसीयू प्रभारी अर्पणा सोलंकी और हेल्पर शाकिब के साथ मारपीट कर अस्पताल का सामान अस्त-व्यस्त कर दिया। इस पर आईआरबी के पुलिस कर्मियों ने किसी तरह दोनों को शांत किया। आरोप है कि मारपीट में शाकिब के हाथ में फ्रैक्चर हो गया।
...तो क्या दौड़ के लिए इंजेक्शन लगवाया था
युवक एंबुलेंस में भी आपस में लड़ते हुए आए थे। जिन्होंने हंगामा किया वह काफी आवेश में थे। फिलहाल उनका उपचार चल रहा है।
बटालियन में एसआई की भर्ती एक सितंबर से चल रही है। दोपहर में गर्मी अधिक होने के चलते युवक गिर गए थे, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। तलाशी के दौरान किसी के बाद नशीली वस्तु नहीं मिली थी।
- बलजीत सिंह भाकुनी, सहायक सेनानायक, आईआरबी बैलपड़ाव